वायदा बाजार में लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में स्थिरता के साथ तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह 10:56 बजे फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध में 0.25 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई और भाव 1,38,091 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, मार्च डिलीवरी वाली चांदी की कीमत 0.83 फीसदी की मजबूती के साथ 2,45,335 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक अनिश्चितता के माहौल में सोने को लगातार समर्थन मिल रहा है। ऐसे हालात में निवेशक सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में सोने की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इसकी मांग बनी हुई है।
महानगरों में सोने के हाजिर दाम
goodreturns के अनुसार, 9 जनवरी को देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतें इस प्रकार रहीं—
दिल्ली:
24 कैरेट – ₹13,886 प्रति ग्राम
22 कैरेट – ₹12,730 प्रति ग्राम
18 कैरेट – ₹10,418 प्रति ग्राम
मुंबई:
24 कैरेट – ₹13,871 प्रति ग्राम
22 कैरेट – ₹12,715 प्रति ग्राम
18 कैरेट – ₹10,403 प्रति ग्राम
कोलकाता:
24 कैरेट – ₹13,871 प्रति ग्राम
22 कैरेट – ₹12,715 प्रति ग्राम
18 कैरेट – ₹10,403 प्रति ग्राम
चेन्नई:
24 कैरेट – ₹13,964 प्रति ग्राम
22 कैरेट – ₹12,800 प्रति ग्राम
18 कैरेट – ₹10,680 प्रति ग्राम
बेंगलुरु:
24 कैरेट – ₹13,871 प्रति ग्राम
22 कैरेट – ₹12,715 प्रति ग्राम
18 कैरेट – ₹10,403 प्रति ग्राम
वैश्विक बाजार में सोने का हाल
tradingeconomics की रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। सोना करीब 4,460 डॉलर प्रति औंस तक फिसल गया, जिससे पिछले सत्र की कुछ बढ़त खत्म हो गई। अमेरिकी डॉलर में मजबूती और अमेरिका के अहम रोजगार आंकड़ों से पहले निवेशकों की सतर्कता के कारण सोने पर दबाव बना।
बाजार को उम्मीद है कि दिसंबर महीने का नॉन-फार्म पेरोल डेटा मजबूत रह सकता है, जबकि बेरोजगारी दर स्थिर रहने का अनुमान है। ये आंकड़े इस साल की मौद्रिक नीति को लेकर बाजार की धारणा को प्रभावित कर सकते हैं। फिलहाल निवेशक दो बार ब्याज दरों में कटौती की संभावना को पहले ही दामों में शामिल कर चुके हैं।
हालांकि, इन उतार-चढ़ावों के बावजूद सोना साप्ताहिक आधार पर करीब 3 फीसदी की बढ़त की ओर बढ़ रहा है। इसकी बड़ी वजह बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव है, जिसके चलते सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बरकरार है।









