अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों को लगातार देश वापस भेजा जा रहा है। डिपोर्टेशन के दौरान प्रवासियों के हाथों में हथकड़ियां और पैरों में बेड़ियां डाली जाती हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले पर विपक्षी सांसदों ने नाराजगी जाहिर की है और सरकार से जवाब मांगा है।
व्हाइट हाउस ने जारी किया डिपोर्टेशन का वीडियो
इसी बीच व्हाइट हाउस ने अवैध प्रवासियों को हथकड़ियों में जकड़े जाने का एक नया वीडियो (Illegal Immigrants Deportation Video) साझा किया है। यह वीडियो व्हाइट हाउस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट किया गया है। 41 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि निर्वासन की प्रक्रिया के तहत प्रवासियों को तैयार किया जा रहा है।
वीडियो में एक पुलिस अधिकारी को एक प्रवासी को हथकड़ी लगाते हुए देखा जा सकता है। एयरपोर्ट पर हथकड़ियां और जंजीरें रखी नजर आ रही हैं। हालांकि, किसी भी व्यक्ति का चेहरा नहीं दिखाया गया है, लेकिन इसमें प्रवासियों के हाथ और पैर चेन से बंधे हुए दिख रहे हैं। एक दृश्य में एक व्यक्ति विमान में चढ़ता दिख रहा है, जिसके पैरों में बेड़ियां हैं।
अमेरिका से भारत लौटाए गए सैकड़ों प्रवासी
हाल ही में, अमेरिकी सैन्य विमान के जरिए 112 भारतीय प्रवासियों को भारत भेजा गया। ट्रंप सरकार के कार्यकाल में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को डिपोर्ट करने का यह तीसरा जत्था था। इससे पहले, 116 प्रवासियों को दूसरी खेप में और 104 प्रवासियों को पहली खेप में वापस भेजा गया था।
क्या डिपोर्टेशन के दौरान हथकड़ी लगाना अनिवार्य है?
NBC की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी आव्रजन अधिकारी डिपोर्टेशन प्रक्रिया के दौरान सख्त नियमों का पालन करते हैं। ICE (इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट) के प्रावधानों के अनुसार, निर्वासित किए जाने वाले प्रवासियों के हाथ और पैर को विमान में जंजीरों से बांधना आवश्यक होता है। हालांकि, विमान गंतव्य पर पहुंचते ही इन जंजीरों को हटाना अनिवार्य होता है।
डिपोर्ट किए जा रहे प्रवासियों को अपने साथ अधिक सामान ले जाने की अनुमति नहीं होती। हालांकि, उन्हें 18 किलोग्राम तक का एक बैग ले जाने की छूट मिलती है, लेकिन अधिकारी उसकी पूरी तरह से जांच करते हैं। जब प्रवासियों को विमान में बैठाया जाता है, तब उनके हाथों में हथकड़ियां और पैरों में बेड़ियां डाल दी जाती हैं।