UP Heatwave: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संवेदनशील जिलों में हालात पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीएम योगी ने सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में बेड, दवाएं, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ एंबुलेंस सेवाओं को भी सक्रिय रखने को कहा गया है।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने नगर निकायों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों के लिए राहत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि अत्यधिक गर्मी और लू के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में अति उष्ण लहर चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को राहत और बचाव की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।
योगी सरकार का कहना है कि लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









