PM Modi: मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भोपाल पहुंचे। दरअसल, एमपी में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चलाए गए जन आशीर्वाद यात्रा के खत्म होने के बाद कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया गया। बता दें, पिछले डेढ़ महीने में पीएम मोदी का मध्य प्रदेश में यह तीसरा दौरा है। यहां पीएम मोदी ने एयरपोर्ट से जंबूरी मैदान तक रोड शो किया। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित भी किया।
अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि इस महाकुंभ में उमड़ी लोगों की भीड़ बहुत कुछ कहती है। उन्होंने कहा, “भाजपा को मध्य प्रदेश के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया। ऐसा जनसंघ के जमाने से होता आया है।”

PM Modi: “कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया”
पीएम ने कहा, “कांग्रेस ने समर्थ युवाओं वाले मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया है। यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था को नहीं देखी, सड़कें नहीं देखी, अंधेरे में रहने वाले गांव शहरों को नहीं देखा। हमारी भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया है। इसलिए यहां के युवाओं ने मध्य प्रदेश का विकास ही देखा है। उन्होंने मध्य प्रदेश को अग्रणी गेहूं उत्पादक राज्य के रूप में देखा। उन्होंने मध्य प्रदेश को उभरते शिक्षा के हब के रूप में देखा।”
पीएम मोदी बोले- “जंग लगे लोहे की तरह है कांग्रेस”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “बीजेपी ने मध्य प्रदेश को सुशासन दिया है। चारों तरफ से मध्य प्रदेश विकास कर रहा है। एमपी को लोगों ने विकास का रास्ता बनाया है। राजस्थान में कांग्रेस ने बर्बादी ला दी है। कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है. हजारों करोड़ों लूटती है। मध्य प्रदेश को कांग्रेस के हाथों में नहीं जाने देना है। क्या आप एमपी को फिर से बीमार बनाना चाहते हैं। कांग्रेस के पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। कांग्रेस जंग लगा हुआ लोहा है। कांग्रेस देशहित को नहीं समझती है।”
पीएम मोदी को महिलाओं ने किया सम्मानित
प्रधानमंत्री मोदी को जंबूरी मैदान में महिलाओं ने सम्मानित भी किया। महिलाओं ने संसद में नारी शक्ति वंदन विधेयक 2023 के पास होने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
भोपाल में पीएम मोदी ने किया रोड शो
पीएम मोदी जूंबरी मैदान में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता महाकुभ में शामिल होने के लिए सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने खुली जीप में भोपाल में रोड शो भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनकी एक ढलक देखने को बेताब दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें: