Mumbai News: मुंबई में मानसूनी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने मुंबई में बारिश के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शहरभर में ट्रेन और बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कुर्ला, चेंबूर, सायन, दादर और अंधेरी सहित मुंबई के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि मौसम की पहली भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव देखा गया है।
Mumbai News: अंधेरी मेट्रो को यातायात के लिए किया गया बंद
वहीं, हिंदमाता, परेल, कालाचौकी, हाजी अली, डॉकयार्ड रोड, गांधी मार्केट और बांद्रा जैसे क्षेत्रों में कई सड़कों पर पानी भर जाने के कारण सड़क यातायात या तो धीमा हो गया या बंद हो गया है। पानी के भारी प्रवाह और बाढ़ के कारण, बीएमसी ने पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी मेट्रो को यातायात के लिए बंद कर दिया है। कई जगहों पर लोगों को घुटने भर पानी से गुजरते देखा गया और कई वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे।
Mumbai News: गुरुवार को 119.09 मिमी हुई बारिश
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शहर में गुरुवार को 119.09 मिमी बारिश हुई, इसके बाद पश्चिमी उपनगरों में 78.69 मिमी और पूर्वी उपनगरों में 58.40 मिमी बारिश सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक हुई। शहर में लगातार बारिश के बीच कालबादेवी और सायन इलाकों में इमारत ढहने की दो घटनाएं हुईं। अधिकारियों ने कहा कि लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ और लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी शहर में बारिश के आसार हैं।
यह भी पढें:
- Weather Update: Delhi-NCR में चलेंगी तेज हवाएं, शाम तक मौसम बदलने की संभावना
- Weather Update: Delhi-NCR में जल्द बदलेगा मौसम का मिजाज, प्री मानसून बारिश देगी गर्मी से राहत