भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली व भारतीय महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों खेल का सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान हासिल किया। विराट कोहली देश के तीसरे क्रिकेट हैं जिन्हें राजीव गांधी खेर रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। विश्व के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज विराट कोहली पिछले तीन साल से बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्हें इससे पहले 2016 और 2017 में भी इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया था। कोहली ने अब तक 71 टेस्ट मैचों में 6147 रन और 211 वनडे में 9779 रन बनाये हैं। चानू को पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में 48 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के कारण इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये चुना गया है। उन्होंने इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में भी सोने का तमगा जीता था। लेकिन चोट के कारण एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पायी थीं।

मीराबाई चानू देश की तीसरी वेटलिफ्टर हैं जिन्हें ये सम्मान दिया गया है। चानू से पहले कर्णम मल्लेश्वरी 1995 व एन कुंजारानी 1996 ये सम्मान हासिल कर चुकी है। राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड हासिल करने वाली चानू ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक दिन पहले अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि ये सम्मान पाना मेरे लिए सचमुच बेदह गर्व और सम्मान की बात है। मैं उन सभी व्यक्तियों का धन्यवाद अदा करती हूं जिन्होंने मुझे इस सम्मान तक पहुंचने में मेरी मदद की। मैं अपने परिवार, अपने कोच, सरकार, फेडरेशन और खास तौर पर अपने फैंस का शुक्रिया अदा करती हूं।

राजीव गांधी खेल रत्न विराट कोहली, मीराबाई चानू।

अर्जुन पुरस्कार: नीरज चोपड़ा, जिन्सन जॉनसन और हिमा दास (एथलेटिक्स); एन सिक्की रेड्डी (बैडमिंटन); सतीश कुमार (मुक्केबाजी); स्मृति मंदाना (क्रिकेट); शुभंकर शर्मा (गोल्फ); मनप्रीत सिंह, सविता (हॉकी); रवि राठौड़ (पोलो); राही सरनोबत, अंकुर मित्तल, श्रेयसी सिंह (निशानेबाजी); मनिका बत्रा, जी सथियान (टेबल टेनिस); रोहन बोपन्ना (टेनिस); सुमित (कुश्ती); पूजा काडिया (वुशु); अंकुर धामा (पैरा-एथलेटिक्स); मनोज सरकार (पैरा-बैडमिंटन)।

द्रोणाचार्य पुरस्कार: सी ए कुट्टप्पा (मुक्केबाजी); विजय शर्मा (भारोत्तोलन); ए श्रीनिवास राव (टेबल टेनिस); सुखदेव सिंह पन्नू (एथलेटिक्स); क्लेरेंस लोबो (हॉकी, आजीवन); तारक सिन्हा (क्रिकेट, आजीवन); जीवन कुमार शर्मा (जूडो, आजीवन); वी आर बीडु (एथलेटिक्स, आजीवन)।

ध्यान चंद पुरस्कार: सत्यदेव प्रसाद (तीरंदाजी); भरत कुमार छेत्री (हॉकी); बॉबी अलॉयसियस (एथलेटिक्स); चौगले दादू दत्तात्रेय (कुश्ती)।

मोदी ने कोहली और चानू को खेल रत्न की बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिकेट स्टार विराट कोहली और विश्व चैंपियन महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न तथा अन्य खेल हस्तियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किये जाने पर बधाई दी है। श्री मोदी ने ट्वीट किया,” डियर वी कोहली, खेल रत्न सम्मान के लिए बधाई। एक बैट्समेन और कप्तान के रूप में आपने देश का काफी नाम रौशन किया है। भारतीय युवाओं में आपकी लोकप्रियता अद्भुत है। आपके अच्छे भविष्य के लिए शुभकामनाएं।”

एक अन्य ट्वीट में श्री मोदी ने लिखा, ” सुश्री एस मीराबाई चानू ने देश-विदेश में बहुत सी खेल प्रतियोगिताओं में विशेष प्रदर्शन किया है। भारोत्तोलक के रूप में उनका कौशल एवं समर्पण सभी खेल-प्रेमियों के लिए प्रेरणास्त्रोत है। उन्हें खेल रत्न सम्मान के लिए बधाई।”

उन्होंने कहा, ” मैं राष्ट्रीय खेल पुरस्कार पाने वाले सभी एथलीटों और प्रशिक्षकों को बधाई देता हूं। ये पुरस्कार आपकी कड़ी मेहनत, समर्पण और मैदान पर वर्षों के प्रदर्शन का परिणाम है। भारत को अपने खिलाड़ियों पर गर्व है।” उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में श्री कोहली और सुश्री चानू को राजीव गांधी खेल रत्न और 20 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here