Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसने क्रिकेट फैंस को क्रिस गेल के सुनहरे दिनों की याद दिला दी। राजस्थान रॉयल्स के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने महज 29 गेंदों में 97 रन ठोककर, पैट कमिंस से लेकर प्रफुल हिंगे तक लगभग सभी विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उनकी इस पारी में 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
वैभव शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते दिखे। पावरप्ले खत्म होने से पहले ही उन्होंने गेंदबाजों पर दबाव बना दिया था। मैदान के हर कोने में शॉट्स खेलते हुए उन्होंने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया, जो इस सीजन के सबसे तेज अर्धशतकों में शामिल हो गया।
हालांकि क्रिकेट जगत की नजरें उस समय इतिहास पर टिक गई थीं, जब वैभव 30 गेंदों से पहले ही शतक के करीब पहुंच चुके थे। ऐसा लग रहा था कि वह क्रिस गेल के IPL इतिहास के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। लेकिन प्रफुल्ल हिंगे ने उन्हें 97 रन पर आउट कर इस ऐतिहासिक पल को पूरा नहीं होने दिया।
क्रिस गेल का रिकॉर्ड बचा, लेकिन वैभव ने रच दिया इतिहास
आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अब भी क्रिस गेल के नाम कायम है। गेल ने 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ सिर्फ 30 गेंदों में शतक जड़ा था।
वैभव सूर्यवंशी इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचे, लेकिन तीन रन से चूक गए। इसके बावजूद उनकी यह पारी IPL इतिहास की सबसे विस्फोटक पारियों में गिनी जाएगी।
IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल – 30 गेंद (RCB, 2013)
- वैभव सूर्यवंशी – 35 गेंद (RR, 2025)
- डेविड मिलर – 38 गेंद (PBKS, 2013)
- ऋषभ पंत – 40 गेंद (DD, 2018)
- यूसुफ पठान – 40 गेंद (RR, 2010)
एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने वैभव
वैभव सूर्यवंशी भले ही क्रिस जेल का शतक वाला रिकॉर्ड अपने नाम नहीं कर पाए लेकिन अपनी इस पारी के दौरान IPL का एक अन्य बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने IPL 2012 सीजन में 59 छक्के लगाए थे।
65 छक्के लगाने के बाद वैभव अब गेल के आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नए “सिक्सर किंग” बन गए हैं। उनकी बल्लेबाजी शैली और लगातार बड़े शॉट खेलने की क्षमता ने उन्हें ऑरेंज कैप की रेस में भी मजबूती से खड़ा कर दिया है।
Orange Cap Race में फिर टॉप पर पहुंचे वैभव सूर्यवंशी
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। राजस्थान रॉयल्स के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने एक बार फिर ऑरेंज कैप रेस में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। वैभव अब 15 मैचों में 680 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली है। 15 मैचों में 680 रन बनाकर उन्होंने साई सुदर्शन और शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया।
खास बात यह है कि वैभव केवल रन ही नहीं बना रहे, बल्कि जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने पूरे टूर्नामेंट का रंग बदल दिया है। उनका स्ट्राइक रेट 242.85 का है, जो इस सीजन के बड़े बल्लेबाजों में सबसे खतरनाक माना जा रहा है।
टॉपर बने सूर्यवंशी, विराट टॉप-5 से बाहर
- वैभव सूर्यवंशी – 680 रन
- साई सुदर्शन – 652 रन
- हेनरिक क्लासेन – 624 रन
- शुभमन गिल – 618 रन
- ईशान किशन – 602 रन
- विराट कोहली – 600 रन
राजस्थान को मिला विस्फोटक स्टार
राजस्थान रॉयल्स को लंबे समय बाद ऐसा बल्लेबाज मिला है, जो अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखता है। यशस्वी जायसवाल के साथ उनकी साझेदारी ने टीम को बेहद मजबूत शुरुआत दी। वैभव के आउट होने के बाद भी ध्रुव जुरेल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के चलते राजस्थान का रनरेट लगातार ऊंचा बना रहा।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैभव इसी अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखते हैं, तो आने वाले वर्षों में वह भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े टी20 सुपरस्टार बन सकते हैं।









