IPL Orange Cap Winners: 18 सीजन में सबसे ज्यादा बार किसने जीती ऑरेंज कैप? कोहली-गेल से आगे ये दिग्गज; देखें पूरी लिस्ट

0
0

IPL Orange Cap Winners: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। ऐसे में, क्रिकेट फैंस के बीच एक बार फिर ऑरेंज कैप को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दरअसल, IPL में दिए जाने वाले कई अवॉर्ड्स में से ऑरेंज कैप सबसे खास मानी जाती है, क्योंकि यह उस बल्लेबाज को मिलती है जो पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाता है। यही वजह है कि हर साल इस रेस पर खास नजर रहती है।

क्या होती है ऑरेंज कैप?

ऑरेंज कैप की शुरुआत IPL के पहले सीजन 2008 में हुई थी। टूर्नामेंट के दौरान जो बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाता है, वह मैच के दौरान यह कैप पहनता है और अंत में वही खिलाड़ी इसे अपने नाम करता है।

पहले सीजन में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज शॉन मार्श इस अवॉर्ड के पहले विजेता बने थे, जबकि उसी सीजन में ब्रेंडन मैक्कुलम इसे पहनने वाले पहले खिलाड़ी थे।

सबसे ज्यादा बार किसने जीती ऑरेंज कैप?

आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार ऑरेंज कैप जीतने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम दर्ज है। उन्होंने यह सम्मान तीन बार—2015, 2017 और 2019 में अपने नाम किया। हालांकि, आईपीएल 2025 में वॉर्नर किसी भी टीम का हिस्सा नहीं बन पाए और नीलामी में अनसोल्ड रहे। इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2025) में हिस्सा लिया, जहां कराची किंग्स ने उन्हें 2.8 करोड़ रुपये में खरीदकर उस सीजन का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया।

वहीं क्रिस गेल और विराट कोहली ने यह कैप दो-दो बार अपने नाम की है। हालांकि रन बनाने के मामले में कोहली का रिकॉर्ड आज भी सबसे ऊपर है।

कोहली के नाम सबसे बड़ा रिकॉर्ड

विराट कोहली ने IPL 2016 में 973 रन बनाकर इतिहास रच दिया था, जो आज भी किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है।

इस सीजन में कोहली ने अपनी बल्लेबाजी से पूरे टूर्नामेंट पर दबदबा बना लिया था और यह प्रदर्शन आज भी IPL इतिहास के सबसे बेहतरीन सीजन में गिना जाता है। इसके बाद साल 2024 एक बार फिर कोहली ने 741 रन बनाकर ऑरेंज कैप को अपना बनाया था।

क्रिस गेल का लगातार कमाल

क्रिस गेल के नाम आईपीएल में दो ऑरेंज कैप दर्ज हैं, जिन्हें उन्होंने लगातार दो सीजन (2011 और 2012) में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर जीता। 2011 में गेल ने 608 रन बनाए, जबकि 2012 में उन्होंने 733 रन ठोक दिए। खास बात यह रही कि 2011 सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को फाइनल तक पहुंचाने में उनका योगदान बेहद अहम रहा, जिसके चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब भी मिला।

हाल के सालों में नए सितारों का दबदबा

पिछले कुछ सीजन में युवा बल्लेबाजों ने भी ऑरेंज कैप की रेस में अपना दबदबा बनाया है।

  • 2023 में शुभमन गिल
  • 2024 में विराट कोहली
  • 2025 में साई सुदर्शन

साई सुदर्शन ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। उनके इस प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में भी ज्यादा मौके मिलने लगे।

IPL के 18 सीजन के ऑरेंज कैप विजेता

  1. 2008 – शॉन मार्श (किंग्स इलेवन पंजाब) – 616 रन
  2. 2009 – मैथ्यू हेडन (चेन्नई सुपर किंग्स) – 572 रन
  3. 2010 – सचिन तेंदुलकर (मुंबई इंडियंस) – 618 रन
  4. 2011 – क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) – 608 रन
  5. 2012 – क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) – 733 रन
  6. 2013 – माइकल हसी (चेन्नई सुपर किंग्स) – 733 रन
  7. 2014 – रॉबिन उथप्पा (कोलकाता नाइट राइडर्स) – 660 रन
  8. 2015 – डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) – 562 रन
  9. 2016 – विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) – 973 रन
  10. 2017 – डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) – 641 रन
  11. 2018 – केन विलियमसन (सनराइजर्स हैदराबाद) – 735 रन
  12. 2019 – डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद) – 692 रन
  13. 2020 – केएल राहुल (किंग्स इलेवन पंजाब) – 670 रन
  14. 2021 – ऋतुराज गायकवाड़ (चेन्नई सुपर किंग्स) – 635 रन
  15. 2022 – जोस बटलर (राजस्थान रॉयल्स) – 863 रन
  16. 2023 – शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस) – 890 रन
  17. 2024 – विराट कोहली (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) – 741 रन
  18. 2025 – साई सुदर्शन (गुजरात टाइटंस) – 759 रन

ऑरेंज कैप जीतने का मतलब क्या?

ऑरेंज कैप सिर्फ एक अवॉर्ड नहीं, बल्कि बल्लेबाज की निरंतरता और क्लास का प्रतीक है। जो खिलाड़ी इसे जीतता है, उसकी डिमांड फ्रेंचाइजी क्रिकेट के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ जाती है।

यही कारण है कि हर सीजन में बल्लेबाज इस रेस में आगे रहने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देते हैं।

IPL 2026 में किसके सिर सजेगी ऑरेंज कैप?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि IPL 2026 में कौन सा बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम करेगा।

क्या कोई नया खिलाड़ी इतिहास रचेगा या फिर कोहली, गिल या सुदर्शन जैसे खिलाड़ी एक बार फिर बाजी मारेंगे?—इसका जवाब आने वाले हफ्तों में मिलेगा। फिलहाल, फैंस को एक और रोमांचक सीजन का इंतजार है, जहां हर रन के साथ ऑरेंज कैप की रेस और दिलचस्प होती जाएगी।