GT vs KKR: कोलकाता के लिए ‘करो या मरो’ मुकाबला, गुजरात की नजरें जीत की हैट्रिक पर; जानें मैच से पहले पूरा विश्लेषण

0
0

GT vs KKR: आईपीएल 2026 अपने रोमांचक चरण में प्रवेश कर चुका है और अब हर मुकाबला प्लेऑफ की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में आज टूर्नामेंट का 25वां मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच आज यानी शुक्रवार (17 अप्रैल) को गुजरात के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। जहां गुजरात इस मैच को जीतकर अंक तालिका में टॉप-4 में जगह बनाने की कोशिश करेगी, वहीं कोलकाता के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा बन गया है।

दोनों टीमों की मौजूदा स्थिति एकदम विपरीत है। गुजरात ने 4 में से 2 हार और लगातार 2 जीत के साथ अब तक संतुलित प्रदर्शन किया है और केकेआर के खिलाफ जीत उसे और भी मजबूत स्थिति में ला सकती है। दूसरी ओर 5 में से 4 मुकाबले हारने और एक मैच निलंबित होने बाद KKR लगातार हार के दौर से गुजर रही है और अब उसके लिए हर मैच निर्णायक बन गया है।

गुजरात की नजर टॉप-4 पर

शुभमन गिल की अगुवाई में गुजरात टाइटंस(GT) ने इस सीजन में अच्छा संतुलन दिखाया है। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में गहराई नजर आती है। यदि GT यह मुकाबला जीतती है, तो वह सीधे टॉप-4 में प्रवेश कर सकती है, जिससे प्लेऑफ की राह आसान हो जाएगी।

साई सुदर्शन और गिल की ओपनिंग जोड़ी टीम को मजबूत शुरुआत दे रही है, जबकि जोस बटलर और ग्लेन फिलिप्स मिडिल ऑर्डर में तेजी ला सकते हैं। गेंदबाजी में राशिद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कगिसो रबाडा जैसे अनुभवी खिलाड़ी किसी भी बल्लेबाजी क्रम को चुनौती दे सकते हैं।

KKR के लिए वापसी का आखिरी मौका?

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह सीजन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम लगातार हार का सामना कर रही है और अंक तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है। ऐसे में यह मुकाबला KKR के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में सुधार की जरूरत है। हालांकि टीम के पास रिंकू सिंह, सुनील नारायण और कैमरन ग्रीन जैसे मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन इन खिलाड़ियों को सामूहिक रूप से प्रदर्शन करना होगा।

हेड टू हेड रिकॉर्ड

दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 4 मुकाबलों में गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी रहा है। GT ने 3 में तो KKR ने 1 मुकाबले में जीत हासिल की है।

हालांकि, KKR के पास एक यादगार जीत की कहानी है। 2023 में इसी मैदान पर फिनिशर रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी, जो आज भी फैंस के दिलों में ताजा है।

संभावित प्लेइंग XII

गुजरात टाइटंस (GT):
साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार/अशोक शर्मा

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR):
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), सुनील नारायण, टिम सिफर्ट (विकेटकीपर), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रोवमैन पॉवेल, रामनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती

IPL 2026 पॉइंट्स टेबल (24 मैचों के बाद)

रैंकटीममैचजीतहारNRअंकनेट रन रेट
1पंजाब किंग्स (PBKS)54019+1.067
2रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)54108+1.503
3राजस्थान रॉयल्स (RR)54108+0.889
4सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)52304+0.576
5दिल्ली कैपिटल्स (DC)42204+0.322
6गुजरात टाइटंस (GT)42204-0.029
7लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)52304-0.804
8चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)52304-0.846
9मुंबई इंडियंस (MI)51402-1.076
10कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)50411-1.383

मैच का समीकरण

कागज पर देखें तो गुजरात टाइटंस इस मुकाबले में मजबूत नजर आ रही है। टीम का संतुलन, फॉर्म और आत्मविश्वास उसे बढ़त दिलाता है। हालांकि T20 क्रिकेट में परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं, और KKR के पास भी ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले मैच का रुख पलट सकते हैं।

यदि कोलकाता को इस मुकाबले में जीत दर्ज करनी है, तो उसे हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। वहीं गुजरात अपनी लय बरकरार रखते हुए प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगी।