West Bengal Elections 2026: अमित शाह ने कोलकाता में लॉन्च किया घोषणापत्र, घुसपैठ, महिला सुरक्षा और विकास पर बड़ा फोकस

0
0

West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना चुनावी घोषणापत्र ‘भरोसा पत्र’ जारी कर दिया है। कोलकाता में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (HM Amit Shah) ने इस घोषणापत्र को लॉन्च किया। बताते चलें कि कार्यक्रम के मंच पर “भय नहीं, भरोसा” का नारा प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया, जो पार्टी की चुनावी रणनीति का संकेत देता है।

घोषणापत्र में किन मुद्दों पर जोर?

बीजेपी (BJP) के इस ‘भरोसा पत्र’ में अवैध घुसपैठ, महिला सुरक्षा और राज्य के समग्र विकास को प्रमुख मुद्दों के तौर पर रखा गया है। इसके अलावा रोजगार सृजन, पलायन रोकने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने को लेकर भी बड़े वादे किए गए हैं।

अमित शाह ने इस मौके पर राज्य की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल की जनता को निराशा ही हाथ लगी है, और अब भाजपा राज्य में विश्वास और विकास की नई शुरुआत करना चाहती है।

PM मोदी का TMC पर हमला

इससे पहले चुनावी रैलियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों का पतन हुआ है और घुसपैठ व अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।

हल्दिया और आसनसोल की सभाओं में पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा शासन में कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है और महिलाओं की सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई गंभीर मामलों में सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में रही है।

BJP की 6 प्रमुख गारंटी

घोषणापत्र के तहत BJP ने बंगाल की जनता को छह बड़ी गारंटियां दी हैं:

  1. राज्य में भय के माहौल को खत्म कर भरोसा कायम करना।
  2. सरकारी तंत्र को पूरी तरह जनता के हित में काम करने वाला बनाना।
  3. भ्रष्टाचार और घोटालों की हर फाइल खोलने का वादा।
  4. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, चाहे वे कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों।
  5. शरणार्थियों को अधिकार देना और अवैध घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कदम।
  6. सत्ता में आने पर सातवें वेतन आयोग को लागू करना।

राजनीतिक समीकरण और चुनावी संदेश

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ‘डबल इंजन सरकार’ की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के तालमेल से ही बंगाल का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कांग्रेस और वाम दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों ने भी राज्य की जनता को अपेक्षित विकास नहीं दिया।