माता वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। हर साल लाखों लोग कटरा स्थित माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचते हैं, लेकिन ट्रेन टिकट, होटल, लोकल ट्रांसपोर्ट और खाने की अलग-अलग बुकिंग कई बार यात्रा को महंगा और जटिल बना देती है। इसी परेशानी को दूर करने के लिए IRCTC ने एक सस्ता और सुविधाजनक टूर पैकेज पेश किया है।
यह खास पैकेज दिल्ली से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि वे बिना किसी झंझट के सुव्यवस्थित तरीके से माता वैष्णो देवी के दर्शन कर सकें। 3 रात और 4 दिन के इस टूर में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहराव, स्थानीय कैब और भोजन जैसी जरूरी सुविधाएं शामिल हैं। सीमित बजट में आरामदायक तीर्थ यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए यह पैकेज एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।
पैकेज में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
IRCTC के इस स्पेशल टूर की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऑल-इन्क्लूसिव व्यवस्था है। यात्रियों को दिल्ली से जम्मू तक ट्रेन से ले जाया जाएगा। जम्मू पहुंचने के बाद कटरा तक लोकल कैब की सुविधा दी जाएगी, जिससे सफर आसान और आरामदेह रहेगा। कटरा में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आरामदायक होटल की व्यवस्था की गई है, जहां वे यात्रा की थकान दूर कर सकेंगे। इसके अलावा पैकेज में खाने-पीने की सुविधा भी शामिल है, जिससे बाहर भोजन की चिंता नहीं रहती। कुल मिलाकर टिकट से लेकर होटल और लोकल ट्रैवल तक की पूरी जिम्मेदारी IRCTC की होगी, ताकि यात्री केवल दर्शन और यात्रा का आनंद ले सकें।
कितना होगा खर्च?
IRCTC का यह टूर पैकेज 12 जनवरी 2026 से शुरू होगा और इसका पैकेज कोड NDR01 है।
किराए की बात करें तो अकेले यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पैकेज की कीमत 10,770 रुपये रखी गई है। दो लोगों के साथ यात्रा करने पर प्रति व्यक्ति खर्च 8,100 रुपये होगा। वहीं, तीन लोगों के ग्रुप में जाने पर प्रति व्यक्ति किराया घटकर 6,990 रुपये रह जाएगा।
माता वैष्णो देवी देश के सबसे प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक हैं, ऐसे में इस पैकेज की सीटें जल्दी भरने की संभावना है। अगर आप इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं तो समय रहते बुकिंग करना बेहतर रहेगा। यह पैकेज IRCTC की वेबसाइट पर ऑनलाइन भी उपलब्ध है।









