पिछले कई दिनों से पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। सफेद चादर में ढकी वादियां और भी खूबसूरत हो गई हैं। इस बीच सबसे ज्यादा मंत्रमुग्ध करने वाला नजारा केदारनाथ धाम का हो गया है। केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बाद बादल छाए हैं। बीच-बीच में धूप के निकलने से धाम नैसर्गिक रूप से चमकने लगा है।
केदारनाथ धाम में 9 से 10 फीट तक बर्फ जम चुकी है। यहां माइनस 15 डिग्री तापमान पहुंच गया है। यहां बिजली, मोबाइल नेटवर्क सब ठप पड़ा हुआ है। पानी पाइप में ही जम गया है। यहां निम के कर्मचारी बर्फ पिघलाकर पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। निम के लगभग 70 कर्मचारी धाम में मौजूद हैं। केदारनाथ में तापमान फिलहाल मानइस 15 पहुंच गया है। यहां सभी मार्ग बंद हो गए हैं। केदारनाथ में भी तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप है।
पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी हर किसी के मन को लुभाती है, लेकिन वहां रहने वाले लोगों के लिए यह परेशानी का सबब बन जाती है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुरुवार देर रात से हो रही बर्फबारी से एक बार फिर राज्य भर में ठंड बड़ गई है। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में ताजा हिमपात हुआ।
मुनस्यारी में रात को शुरु हुई बर्फबारी शुक्रवार सुबह तक जारी रही। यहां सुबह तक लगभग आधा फिट जमा हो चुकी है। यहां पुरानी और नई बर्फ मिलाकर लगभग एक फुट है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने नैनीताल में बर्फबारी का खूब लुत्फ उठाया।