आजकल की भागदौड़ भरी लाइफ में इंसान को खुद के लिए खाना बनाने का समय भी नहीं है। ऐसे में लोग बाहरी खाने पर निर्भर रहते हैं। कोई होटल का रूख करता है तो कोई ऑनलाइन खाना ऑर्डर करता है। कुछ इसी तरह एक कामकाजी महिला ने अपने लिए फूड एप जोमैटो से खाना ऑर्डर किया। डिलिवरी बॉय ने उस महिला के साथ कुछ ऐसा बर्ताव किया कि, जिससे कंपनी शर्मिंदा है।
लंबे समय से खाना ऑर्डर करने के बाद महिला फूड का इंतजार कर रही थी। लेकिन डिलिवरी बॉय देरी कर रहा था जिसके बाद पीड़ित महिला ने ऑर्डर कैंसिल कर दिया..कुछ समय बाद डिलिवरी बॉय खाना लेकर पते पर पहुंचा। महिला ने खाना लेने से इंकार कर दिया फिर आग बबूला होकर लड़के ने महिला के मुह पर मुक्का जड़ दिया। देखते ही देखते महिला के मुंह से खून निकलने लगा। पीड़िता ने रोते-रोते एक वीडियो बना कर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए जोमैटो को टैग किया।
महिला पूरी घटना वीडियो में बता रही है। लहूलूहान महिला बता रही है कि, देरी के कारण उसने ऑर्डर कैंसिल कर दिया। रिफंड के लिए जोमैटो कस्टमर केयर से बात करने लगी, उसी दौरान डिलिवरी बॉय ऑर्डर लेकर पहुंच गया मैंने लेने से इंकार कर दिया जिसके बाद उसने मेरी ये हालत कर दी।
महिला आगे कहती है, मेरे लाख मना करने के बाद डिलिवरी बॉय खाना लेकर जाने को तैयार नहीं था। उसने जबरन घर में खुसकर खाना रख दिया मैंने विरोध किया तो बहस करने लग। जिसके बाद उसने मेेरे मुंह पर जोरदार पंच मार दिया। मुह से खून निकल रहा है। नाक से भी खून आ रहा है। घटना के बाद डिलिवरी बॉय फरार हो गया है।
महिला के आरोपों पर जोमैटो ने भी सफाई दी है। कंपनी ने कहा है कि इस घटना के लिए हम माफी मांगते हैं। कंपनी के स्थानीय अधिकारी उनसे संपर्क करेंगे और जो भी सहायता पुलिस जांच या फिर मेडिकल के लिए जरूरी होगी वो उपलब्ध कराएंगे। इतना ही नहीं कंपनी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी और जिसने भी ऐसा किया है उसके खिलाफ कंपनी सख्त कार्रवाई भी करेगी।