नये साल 2022 के पहले दिन माता Vaishno Devi भवन में मची भगदड़ में 12 श्रद्धालुओं के मारे जाने से पूरे देश में शोक का माहौल है। खबरों के मुताबिक देर रात 2 बजे से लेकर 3 बजे के बीच भक्तों के बीच आपसी धक्कामुक्की में अफरातफरी मच गई। थोड़े ही देर में लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे, जिससे घटना ने बड़ा रूप ले लिया।
भगदड़ में 12 लोगों के मारे जाने के साथ कम से कम 20 लोगों के घायल होने की भी सूचना है। घायलों में कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के लोग बचाव और राहत कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे के बाद यात्रा को रोक दिया गया है।
Vaishno Devi भवन में भगदड़ के बाद श्रद्धालु बिना दर्शन वापस लौट रहे हैं
घटना के बाद कई श्रद्धालओं ने घर वापसी की राह पकड़ ली है। इस मामले में जानकारी देते हुए Vaishno Devi मंदिर परिसर के ड्यूटी ऑफिसर जगदेव सिंह ने बताया कि मृतकों में एक शख्स जम्मू-कश्मीर के ही राजौरी का रहने वाला है।
उन्होंने बताया कि मारे गये अन्य 11 लोग देश के अलग-अलग राज्यों के हैं, जिनमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब के लोगों की संख्या ज्यादा हो सकती है। अब तक मृतकों में से 7 लोगों की पहचान कर ली गई है वहीं 5 अन्य लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

जगदेव सिंह ने कहा कि फिलहाल अर्धकुंवारी, बाणगंगा से यात्रा को रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि नए साल की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। मंदिर में करीब 70 से 80 हजार श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे।
Vaishno Devi श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की संख्या तय नहीं की थी
एक स्थानीय दुकानदार ने कहा कि श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की संख्या तय नहीं की थी। उन्होंने कहा कि त्रिकुटा हिल्स में ज्यादा श्रद्धालु नहीं ठहर सकते हैं। ऐसे में उन्हें कटरा बेस कैंप में ही रोकना चाहिए था और उनकी लिमिट तय करनी चाहिए थी।
हादसे के मामले में कटरा के सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक मेडिकल अफसर डॉ. गोपाल दत्त ने बताया कि भगदड़ में मारे गये 12 लोगों के पोस्टमार्टम की व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Vaishno Devi हादसे में मारे गए लोगो के प्रति संवेदना व्यक्त की है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने हताहतों के परिजनों से संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि मारे गए श्रद्धालुओं के परिजनों को 2 लाख रुपए दिए जाएंगे। हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर दुख जताते हुए मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह जम्मू के लिए रवाना हो गये हैं। उन्होंने ट्वीट करके जानकारी दी है, ‘मैं माता Vaishno Devi तीर्थ पर त्रासदी से उत्पन्न स्थिति का जायज़ा लेने के लिए तुरंत कटरा जा रहा हूं’।
घटना के मामले में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा Vaishno Devi भवन के 3 नंबर गेट पर हुआ है। जहां भीड़ अधिक थी। ढलान के कारण लोगों को ऊपर चढ़ने में परेशानी हो रही थी। तभी कुछ लोगों में आपस में झड़प हो गई, जिसके कारण कारण लोग गिर गए और फिर भगदड़ मच गई।
साल के पहले दिन सामने आई इस घटना की खबर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत लगभग सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने दुख जताया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने शोक संदेश में कहा है, ‘यह जानकर बहुत दुख हुआ कि माता वैष्णो देवी भवन में एक दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ ने भक्तों की जान ले ली। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं’।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए ट्वीट किया है, ‘माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा,केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जी से बात की और स्थिति का जायज़ा लिया’।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। इस संबंध में मैंने J&K के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस हादसे में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं’।
वहीं राहुल गांधी ने हादसे पर शोक प्रकट करते हुए ट्वीट किया है, ‘माता वैष्णोदेवी मंदिर में हुई भगदड़ की दुर्घटना दुखद है। मृतकों के परिवारजनों को मेरी शोक संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना है’।
मौके पर हालात को सामान्य बनाने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल 14 घायलों को कटरा के माता Vaishno Devi नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। रियासी के पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे मामले की निगरानी की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मौके पर Vaishno Devi श्राइन बोर्ड के प्रतिनिधि और कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।
इसे भी पढ़ें: APN News Live Updates: वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़, 12 श्रद्धालुओं की मौत, प्रधानमंत्री ने जताया शोक