उत्तर प्रदेश में दूल्हे को दहेज में बाइक मांगना भारी गया। दूल्हे साहब को बाइक मांगने की कीमत अपना सिर मुंडवाकर चुकानी पड़ी। राजधानी लखनऊ में दहेज को लेकर विवाद में दूल्हे और बारातियों को को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। वधू पक्ष ने मोहल्ले वालों के साथ मिलकर दूल्हे समेत 4 लोगों का सिर मुंडवा दिया। मामले की सूचना देर रात पुलिस को हुई तो बंधक बनाए गए बारातियों को छुड़ाया जा सका।

जानकारी के अनुसार, खुर्रमनगर में लड़की के पिता सब्जी बेचकर गुजारा करते हैं। वह मूलरूप से बाराबंकी के रहने वाले हैं। यहां शहीद जियाउल हक पार्क के पास कच्चा मकान बनाकर वह रहते हैं। बेटी का रिश्ता तीन महीने पहले उन्होंने बाराबंकी के ही धौकलपुरवा के रहने वाले अब्दुल कलाम से तय किया। महीने भर पहले ही मंगनी की रस्म हुई। इसके बाद लड़की के पिता ने निकाह के लिए दहेज का सामान जुटाया।

लड़की के पिता का आरोप है कि निकाह से हफ्ता भर पहले से ही लड़के ने मांग बढ़ानी शुरू कर दी। उन्होंने उसकी सभी मांगें पूरी करने की कोशिश की। बारात के दिन दूल्हे ने दहेज का सामान देखा तो पल्सर बाइक देखकर कहने लगा कि उसे ये नहीं अपाचे बाइक चाहिए। यही नहीं उसने चार तोला सोने की चेन की भी ​मांग रख दी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो दूल्हा बारात वापस ले जाने की धमकी देने लगा।

उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि विवाद के बीच दूल्हा और बाराती शराब के नशे में हंगामा करने लगे। उन्हें काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।जानकारी के अनुसार, इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोग भी नाराज होने लगे और निकाह बिना किए जाने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

वहीं देखते ही देखते मोहल्ले के लोग भी जुट गए। हालात बिगड़ते देख बारातियों ने मौके से निकलने की कोशिश की। इस दौरान दूल्हे और उसका भाई भी भागने लगे तो घरवालों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने वहीं दूल्हे सहित चार लोगों का सिर मुंडवा दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here