समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर निशाना साधते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले की सरकारें जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर अपनी भलाई में लगी रहती थी जबकि उनकी सरकार विकास परियोजनाओं को गति देकर लोगों को एक सूत्र में बांधने का काम कर रही है। बाणसागर परियोजना के लोकार्पण के मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये श्री योगी ने कहा कि अन्य सरकारों ने देश को तोड़ने का काम किया जबकि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली मौजूदा केंद्र और राज्य सरकारें पुलों और सड़कों से सभी को जोड़ रही है। दशकों से अटकी परियोजनाओं को पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सपा और बसपा की सरकार में विकास का एजेंडा कभी नहीं था। कांग्रेस के शासनकाल में कभी उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधा का ख्याल नहीं किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के शासनकाल में प्रदेश में आठ नए मेडिकल कालेज खुलने जा रहे है। एम्स और कैंसर संस्थान मिल रहा है। योगी ने कहा कि बाणसागर परियोजना कोई नई नहीं है। यह दो दशक पहले ही पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन पहले की सरकारों में किसानों की भलाई करने की इच्छाशक्ति नहीं थी। किसानों की आकांक्षाओं को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। व​र्ष 1990 के बाद प्रदेश में चार बार सपा की और चार बार बसपा की सरकार रही। लेकिन विकास इनके एजेंडे में नहीं था, इसलिए बाण सागर परियोजना उपेक्षित पड़ी रही। यहां का किसान बदहाल होता रहा।

उन्होंने कहा कि बाणसागर परियोजना का कार्य उत्तर प्रदेश में कछुआ की चाल चलता रहा। 300 करोड़ की परियोजना 3500 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। पिछले चार वर्षों में श्री मोदी के नेतृत्व में देश में हर तबके के विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। श्री मोदी ने मार्च में यहां आकर देश के सबसे बड़े सोलर प्लांट का उद्घाटन किया था। अब वे एक बार फिर सौगातों के साथ हमारे बीच हैं। श्री योगी ने कहा कि देश की प्राथमिकता वाली 99 योजनाओं में बाण सागर परियोजना को शामिल करने के लिए वह प्रधानमंत्री के आभारी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here