Republic Day 2024 Live: वायुसेना ने अलग-अलग फॉर्मेशन में दिखाए करतब, ‘नारी शक्ति’ की मिसाल बनी परेड का हुआ समापन

0
19

Republic Day 2024 Live : पूरा भारतवर्ष आज यानी 26 जनवरी को 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हर वर्ष की तरह ही इस बार भी कर्तव्य पथ पर सैन्य दलों की परेड और भारत के अलग-अलग राज्यों की झांकियां प्रस्तुत हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आज दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह में ध्वजारोहण किया गया, जिसके बाद राष्ट्रगान की ध्वनि से पूरा कर्तव्य पथ और सम्पूर्ण राष्ट्र ‘जन-गण-मन…’ से गूंज उठा। फिर स्वदेशी बंदूक प्रणाली 105-एमएम इंडियन फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी गई। परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया गया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन मुख्य अतिथि के रूप में भारत आए। बता दें कि यह छठी बार है जब कोई फ्रांसीसी नेता गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बना है। गणतंत्र दिवस समारोह की परेड शुरू होने से पहले 105 हेलीकॉप्टर यूनिट के चार एमआई-17 IV हेलीकॉप्टरों ने कर्तव्य पथ पर मौजूद दर्शकों पर फूल बरसाए।   

‘विकसित भारत’ और ‘भारत-लोकतंत्र की मातृका’ विषयों पर आधारित इस वर्ष की परेड में करीब 13,000 विशेष अतिथियों ने भाग लिया। बताया जा रहा कि यह पहली बार है जब परेड की शुरुआत 100 से अधिक महिला कलाकार भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाते हुए की। परेड की शुरुआत, इन महिला कलाकारों द्वारा बजाए जाने गए शंख, नादस्वरम, नगाड़ा आदि वाद्यों से हुई। गणतंत्र दिवस परेड से जुड़ी पल-पल की जानकारी के पढ़ें एपीएन न्यूज का ये लाइव अपडेट।

Republic Day 2024 Live: वायुसेना ने अलग-अलग फॉर्मेशन में दिखाए करतब, ‘नारी शक्ति की मिसाल’ परेड का हुआ समापन

दिल्ली के कर्तव्य पथ के आसमान में आज 54 विमानों और हेलीकॉप्टरों का मनमोहक एयर शो प्रस्तुत हुआ। जिसमें फ्रांसीसी वायु एवं अंतरिक्ष बल के तीन विमान, इस हवाई परेड में भारतीय वायु सेना के सबसे अधिक, 46 विमान शामिल हुए। वहीं, भारतीय नौसेना का एक और भारतीय सेना के चार हेलीकॉप्टर ने भी सलामी उड़ान में भाग लिया। इसके अलावा फ्रांस की वायु सेना के विमान भी इस परेड में शामिल हुए। विमानों ने आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाते हुए कई करतब दिखाए। भारतीय सेना के पायलटों ने हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर ‘तेजस’ और ‘प्रचंड’ से कर्तव्य पथ के ऊपर से राफेल, एसयू-30, मिग-29 अपग्रेड, पी-8आई, जगुआर, डकोटा, डोर्नियर, सी-17, सी-130जे जैसे विमानों ने अपनी रफ्तार और क्षमता का प्रदर्शन किया। इसी के गणतंत्र दिवस 2024 परेड का समापन हुआ। 

Republic Day 2024 Live : केंद्रीय सशस्त्र पुलिस की महिलाकर्मियों ने दिखाए शानदार स्टन्ट

75 वें गणतंत्र दिवस समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस की महिलाकर्मियों ने ‘नारी शक्ति’ कौशल का प्रदर्शन किया। एक महिला पुलिसकर्मी ने मोटरसाइकिल पर अकेले खड़े होकर राष्ट्रपति और तिरंगे को दी सलामी। 265 महिला बाइकर्स ने शौर्य और वीरता का प्रदर्शन किया।

Republic Day 2024 Live: उत्तर प्रदेश की झांकी में दिखा ‘राम मंदिर’

75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की झांकी बेहद खास रही। परेड की झांकियों में अयोध्या की विरासत देखने को मिली। यूपी की झांकी में रामलला को दर्शाने वाली मूर्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं। उत्तर प्रदेश की झांकी में कर्तव्य पथ पर भगवान राम के बाल स्वरूप का दर्शन हुआ।

Republic Day 2024 Live: पहली बार दिल्ली पुलिस की परेड में सिर्फ महिलाएं

पहली बार गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली पुलिस की ओर से परेड में सिर्फ महिला पुलिसकर्मी शामिल हुईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मार्चिंग दस्ते में कुल 194 महिला कॉन्स्टेबलों ने हिस्सा लिया। इनका नेतृत्व IPS ऑफिसर श्वेता कर रही थीं। 

Republic Day 2024 Live : रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) की झांकी ने हिस्सा लिया

कर्तव्य पथ पर आयोजित 75वें गणतंत्र दिवस की परेड में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) की झांकी ने हिस्सा लिया। इस बार की DRDO की थीम ‘रक्षा प्रौद्योगिकियों में आत्मनिर्भरता” है।

Republic Day 2024 Live : गणतंत्र दिवस की परेड में भारतीय नौसेना की झांकी ने लिया हिस्सा।

75वें गणतंत्र दिवस की परेड में भारतीय नौसेना की झांकी ने हिस्सा लिया। इस झांकी में ‘नारी शक्ति’ और ‘आत्मनिर्भरता’ पर प्रकाश डाला गया है।

Republic Day 2024 Live : भारतीय सेना की महिला त्रि-सेवा टुकड़ी ने पहली बार परेड में लिया हिस्सा

गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार महिलाओं की त्रि-सेवा टुकड़ी ने हिस्सा लिया। जल,थल और वायु सेना की महिला टुकड़ी परेड में आई नजर।

Republic Day 2024 Live : महिला अग्निवीर सिपाहियों ने दिखाया महिला शक्ति का प्रदर्शन

परेड में महिला अग्निवीर सिपाहियों ने महिला शक्ति का प्रदर्शन किया। जल, थल और वायु सेना के अग्निवीर महिला सैन्य दल ने कर्तव्य पथ पर शानदार परेड कर नमूना दिखा रही है।

Republic Day 2024 Live : भारतीय सेना के मार्चिंग दस्तों की हुई शुरुआत

गणतंत्र दिवस के अवसर पर मार्चिंग दस्ते की शुरुआत मद्रास रेजिमेंट ने की।

Republic Day 2024 Live : सेना के टैंकों ने दिखाई भारत की शक्ति की झलक

भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण जैसे- टैंक, रॉकेट लॉन्चर और अन्य डिफेन्स उपकरण परेड में शामिल हुए।

Republic Day 2024 Live : कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया ध्वजारोहण, 100 महिला कलाकारों ने वाद्ययंत्र बजाते हुए शुरू की परेड

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कर्तव्य पथ आयोजित समारोह में फहराया तिरंगा। इस दौरान 21 तोपों की सलामी भी दी गई। 100 महिला कलाकारों ने संगीत वाद्ययंत्र बजाते हुए शुरू परेड की।

Republic Day 2024 Live : कर्तव्य पथ पर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, परेड के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन भी पहुंचे

कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और परेड के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लेने कर्तव्य पथ पहुंचे। पीएम मोदी ने दोनों का स्वागत किया।

Republic Day 2024 Live : पीएम मोदी पहुंचे राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

पीएम मोदी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचे और शहीदों को दी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पीएम ने कुछ समय मौन भी रखा।

गणतंत्र दिवस के इस राष्ट्रीय समारोह में कर्तव्य पथ पर मार्च करते हुए महिलाओं की त्रि-सेवा टुकड़ी की भागीदारी भी देखी जाएगी। फ्लाईपास्ट के दौरान महिला पायलट भी “नारी शक्ति” का प्रतिनिधित्व करेंगी। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की टुकड़ियों में भी केवल महिला कर्मी शामिल होंगी।

गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10.30 बजे शुरू होगी और 90 मिनट तक चलेगी। समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय समर स्मारक के दौरे से होगी।

कर्तव्य पथ फ्रांसीसी सशस्त्र बलों के संयुक्त बैंड और मार्चिंग दस्ते के मार्च पास्ट का गवाह बनेगा। 30 सदस्यीय बैंड दल का नेतृत्व कैप्टन खुरदा करेंगे, जिसके बाद 90 सदस्यीय मार्चिंग दल होगा, जिसका नेतृत्व कैप्टन नोएल करेंगे। एक मल्टीरोल टैंकर विमान और फ्रांसीसी वायु और अंतरिक्ष बल के दो राफेल लड़ाकू विमान टुकड़ियों के ऊपर उड़ान भरेंगे।

भारतीय सेना की टुकड़ी 61 कैवेलरी की होगी, जिसका नेतृत्व मेजर यशदीप अहलावत करेंगे। 1953 में स्थापित, 61 कैवेलरी दुनिया में एकमात्र सेवारत सक्रिय घुड़सवार कैवेलरी रेजिमेंट है।

भारतीय नौसेना दल में 144 पुरुष और महिला अग्निवीर शामिल होंगे, जिनका नेतृत्व लेफ्टिनेंट प्रज्वल एम ,लेफ्टिनेंट मुदिता गोयल, लेफ्टिनेंट शरवानी सुप्रिया और लेफ्टिनेंट देविका एच करेंगे। इसके बाद नौसेना की झांकी होगी, जिसमें ‘नारी शक्ति’ और ‘स्वदेशीकरण के माध्यम से महासागरों में समुद्री शक्ति’ विषयों को दर्शाया जाएगा।

भारतीय वायु सेना (IAF) में स्क्वाड्रन लीडर रश्मी ठाकुर के नेतृत्व में 144 वायुसैनिक और चार अधिकारी शामिल होंगे। स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव और प्रतीति अहलूवालिया और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कीर्ति रोहिल मार्च पास्ट करेंगे।

परेड के दौरान रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित कई महत्वपूर्ण प्रणालियों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। डीआरडीओ की झांकी ‘भूमि, वायु, समुद्र, साइबर और अंतरिक्ष, सभी पांच आयामों में रक्षा कवच प्रदान करके राष्ट्र की रक्षा करने में महिला शक्ति’ विषय पर आधारित है।

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और दिल्ली पुलिस की टुकड़ियों का नेतृत्व महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा। सीमा सुरक्षा बल के मार्चिंग दस्ते का नेतृत्व सहायक कमांडेंट मोनिका लाकड़ा करेंगी; सहायक कमांडेंट तन्मयी मोहंती द्वारा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल; सहायक कमांडेंट मेघा नायर द्वारा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल; सहायक कमांडेंट मोनिया शर्मा द्वारा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस; डिप्टी कमांडेंट नैंसी सिंगला द्वारा सशस्त्र सीमा बल; और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्वेता के सुगथन द्वारा दिल्ली पुलिस का नेतृत्व किया जाएगा ।

यह भी पढ़ें:

Republic Day 2024: नारी शक्ति, मनमोहक झाकियां, देखें गणतंत्र दिवस की परेड तस्वीरों में…

Republic Day 2024 Live: वायुसेना ने अलग-अलग फॉर्मेशन में दिखाए करतब, ‘नारी शक्ति’ की मिसाल बनी परेड का हुआ समापन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here