देश में लोकसभा चुनाव में अभी भले ही समय बाकी हो, लेकिन कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में पोस्टर पॉलिटिक्स की शुरूआत हो गई है। कुछ महीने पूर्व अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी से गायब हुए राहुल के पोस्टरों के बाद अब रायबरेली में सांसद सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका वाड्रा के लापता होने के पोस्टर जगह-जगह चिपका दिए गए हैं। इस पोस्टर्स में प्रियंका को इमोशनल ब्लैकमेलर बताया गया। बता दें कि सोनिया गांधी के बेटी प्रियंका चुनावों में कांग्रेस पार्टी की स्टार कैम्पेनर होती है और सोनिया गांधी के लिए चुनावों में प्रचार- प्रसार करती रहती है।

रायबरेली में देर रात जगह-जगह प्रियंका गांधी के लापता होने के पोस्टर लगाए गए। शहर में कई जगह पर लगे पोस्टर्स में कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी को ‘इमोशनल ब्लैकमेलर’ बताया गया है। इतना ही नहीं पोस्टर में प्रियंका से सवाल भी पूछा गया है कि आप रायबरेली कब आएंगी, क्योंकि इस बीच रायबरेली में कई बड़े हादसे हुए जिसमे प्रियंका वाड्रा नजर नहीं आई। ऐसे में कांग्रेस विरोधियों को कांग्रेस नेता प्रियंका पर हमला करने का मौका मिल गया है।

पोस्टर में मैडम प्रियंका वाड्रा लापता लिखा है। इस पोस्टर में हरचंपुर रेल हादसा, ऊंचाहार दुर्घटना और रालपुर हादसे में प्रियंका गांधी के न आने पर तंज कसते हुए लिखा गया है कि नवरात्र, दुर्गा पूजा व दशहरा में तो नहीं दिखाई दी। अब क्या ईद में दिखेंगी मैडम वाड्रा।

बता दें कि इसी महीने की दस तारीख को फरक्का एक्सप्रेस हरचंदपुर में बेपटरी हो गई थी। उसमें सात लोगों की मौत हो गई थी। करीब 42 लोग घायल हो गए थे। इसी घटना के तीसरे दिन ऊंचाहार में मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे परिवार का वाहन बस से जा टकराया था, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद तीसरी घटना दो अन्य थाना क्षेत्रों में युवकों के डूबकर मौत हो जाने की खबर आई।

इन तीनों घटनाओं को पोस्टर में यह कहते हुए दर्शाया गया है कि इन दर्द भरी आवाज प्रियंका वाड्रा तक क्या नहीं पहुंची। पोस्टर में यह भी कहा गया है कि दुर्गा पूजा, दशहरा जैसे त्योहार पर भी उनकी कोई आहट यहां नहीं आई। न ही उनकी कोई शुभकामना और मंगलकामना का संदेश आया। पोस्टर में सवाल उठाया गया है कि क्या अब ईद में ही प्रियंका वाड्रा यहां दिखेंगी। वहीं प्रियंका गांधी के इस तरह के पोस्टर से रायबरेली का राजनैतिक माहौल गरमाने के साथ चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है।

अभी इस मामले पर किसी भी पार्टी का कोई बयान सामने नही आया है। पोस्टर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला ने कहा है कि ऐसी गंदी हरकत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। वीके शुक्ल का कहना है कि ऐसे किसी पोस्टर लगने की जानकारी नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here