बिहार में जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी में जश्न चल रहा है। बिहार में एनडीए की जीत पर ठप्पा लगाने के 18 घंटे बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने 40 मिनट के भाषण में कार्यकर्ताओं में जोश भी भरा और जेपी नड्डा की जमकर तारीफ भी। उसके बाद उन्होंनें परिवारवाद का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना साधा और राजनीतिक हत्याओं का जिक्र कर विरोधी दलों को आड़े हाथ लिया।

बंगाल या तृणमूल का नाम लिए बिना बोले- ‘मौत का खेल खेलकर कोई मत नहीं पाता है, दीवार पर लिखे ये शब्द पढ़ लेना।’ बिहार के बाद अब बंगाल में मई 2021 में विधानसभा चुनाव हैं।

जश्न के इस रंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा मौजूद थे। नड्‌डा ने कोरोना पर देश की तैयारियों के बारे में बताया। जहां लोग हजारों की संख्या में एक साथ खड़े थे वहीं मोदी ने कोरोना को लेकर जनता को नसीहत भी दी। लोग बिना मास्क के खड़े थे, खासकर तब, जब दिन में ही एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा था, ‘दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ने का मुख्य कारण सुपर स्प्रेडर इवेंट हैं, जहां लोग बड़ी तादाद में बिना सावधानी के इकट्ठा हो रहे हैं।’

राजनीति की आधार शिला विकास पर निर्भर

भाजपा ही एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी है, जिसका परचम देश के नागरिकों ने ही पूरे देश में फहराया है। आप याद कीजिए कि कभी हम 2 सीटों तक थे और दो कमरों से पार्टी चला करती थी और आज हिंदुस्तान के हर कोने में है। 21वीं सदी के भारत के नागरिक बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। 21वीं सदी में देश की राजनीति का आधार सिर्फ और सिर्फ विकास ही होगा।

जनता जेपी नड्डा के साथ

कोरोना के संकटकाल में ये चुनाव करवाना आसान नहीं था। लेकिन, हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त और पारदर्शी हैं कि उन्होंने इतना बड़ा चुनाव करवाकर दुनिया को भी भारत की ताकत का अहसास करवाया। चुनाव में भाजपा को और एनडीए को अपार जनसमर्थन मिला है। मैं हर भाजपा कार्यकर्ता और उनके परिवारजनों को हृदय से बधाई देता हूं। ये चुनावी नतीजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डाजी की कुशलता और प्रभावी रणनीति का ही परिणाम है। नड्डाजी को जितनी बधाई दें, कम है। नड्डाजी आगे बढ़ो, हम साथ हैं।

नौजवान का भरोसा बीजेपी है, जनता को भरोसा बीजेपी

ये भाजपा ही है, जिस पर देश आज सबसे ज्यादा भरोसा कर रहा है। ये भरोसा भाजपा के लिए, मेरे लिए, आपके प्रधानसेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने पहले से और ज्यादा सीटें जीतकर सरकार में अपनी वापसी की। बिहार में 3 बार सरकार में रहने के बाद भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जिसकी सीटों में वृद्धि हुई है। गुजरात में भाजपा 90 के दशक से है, वहां भी सभी सीटें जीतकर भाजपा ने दिखाईं। मध्यप्रदेश में भाजपा ने सीटें जोड़ी हैं, वहां भी हमारी सरकार इतने वर्षों से सत्ता में हैं। देश के लोग बार-बार भाजपा को ही मौका दे रहे हैं, विश्वास कर रहे हैं।

बिहार में जीत का खोला राज

झे पता है आप लोग, खासकर मीडिया के साथ बार-बार सोच रहे होंगे कि मोदी ये लंबा-लंबा बोल रहा है, लेकिन बिहार पर भी कुछ बोले। बिहार पर भी विस्तार से बात करूं। बिहार तो सबसे खास है। आज आप बिहार के बारे में पूछेंगे तो मैं कहूंगा कि जैसा साफ जनादेश बिहार ने दिया है, मेरा जवाब भी उतना ही साफ है। चुनाव जीतने का एक ही रहस्य है ‘सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास।’ बिहार में सच जीता है, बिहार में विश्वास जीता है, बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं, गरीब जीता है, किसान जीता है।

बंगाल को संदेश

 जो लोग लोकतांत्रिक तरीके से हमारा मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, हमें चुनौती नहीं दे पा रहे हैं, ऐसे कुछ लोगों ने रास्ता अपनाया है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या की जाए। देश के कुछ हिस्सों में उनको लगता है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतारकर के वो अपने मंसूबे पूरे कर लेंगे। मैं उन सबको आग्रह पूर्वक समझाने का प्रयास भी करता हूं, मुझे चेतावनी देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वो काम जनता करेगी। चुनाव आते हैं, जय-पराजय होती है, कभी ये बैठेगा, कभी वो बैठेगा। लेकिन, ये मौत का खेल लोकतंत्र में कभी नहीं चल सकता। मौत का खेल खेलकर कोई मत नहीं पाता है। ये दीवार पर लिखे शब्द पढ़ लेना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here