दूसरे देशों के राष्ट्राध्यक्षों का दौरा भारत में लगातार जारी है। जॉर्डन और वियतनाम के राष्ट्राध्यक्षों के बाद अब फ्रांस के राष्ट्रपति भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं। ऐसे में कोई भारत की आन,बान औऱ शान दुनिया का सातवां अजूबा ताज न देखे तो ये एक बड़ी चूक होगी। इसीलिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों आज अपनी पत्नी के साथ आगरा में विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार करेंगे। मैक्रोन दंपति शाम 4 बजे दिल्ली हवाई अड्डे से विशेष विमान से आगरा के लिए उड़ान भरेंगे। शाम 4.45 बजे वो खेरिया हवाईअड्डा पहुंचेंगे। यहां से वो सीधे ताजमहल देखने जाएंगे। फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ उनका प्रतिनिधिमंडल भी ताज नगरी आ रहा है। यूपी के उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा यहां उनकी अगवानी करेंगे।
खबरों के मुताबिक, मैक्रों आगरा में करीब दो घंटा तक रुकेंगे। एयरपोर्ट से ताजमहल तक कड़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी। उप मुख्यमंत्री सुरक्षा व्यवस्था को देखने के लिए कल रात ही आगरा पहुंच गए थे। राष्ट्रपति के दौरे के चलते भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने पर्यटकों के लिए शाम चार से 6:30 बजे तक ताजमहल बंद रखने का नोटिफिकेशन किया है। ताज के गेट बंद होने से एक घंटे पूर्व दोपहर तीन बजे ही पूर्वी व पश्चिमी गेट स्थित टिकट विंडो बंद हो जाएंगी।
बता दें कि इससे पहले दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच कई मुद्दों पर आपसी सहमति बनीं। दोनों ने आपसी रिश्ते मजबूत बनाते हुए कई समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए। भारत और फ्रांस ने आपसी रणनीतिक संबंधों का विस्तार करते हुए रक्षा, परमाणु ऊर्जा, सुरक्षा और गोपनीय सूचनाओं के संरक्षण सहित प्रमुख क्षेत्रों में 14 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही दोनों देशों ने भारत- प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का भी संकल्प लिया। इसके साथ ही आतंकवाद का मुकाबला करने के प्रयासों में और तेजी लाने के तौर तरीकों पर भी सहमति बनी है। दोनों नेताओं ने सीमा-पार आतंकवाद, भारत और फ्रांस में आतंकी घटनाओं समेत सभी तरह के आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस दौरान हिन्द महासागर और प्रशांत क्षेत्र में बदलते सुरक्षा समीकरणों को लेकर भी चर्चा हुई। अंतरिक्ष सहयोग के लिये भारत-फ्रांस संयुक्त विजन जारी करने के साथ ही दोनों देशों ने हिन्द्र महासागर क्षेत्र के लिये भारत-फ्रांस के संयुक्त रणनीतिक विजन को भी जारी किया।