उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बकेवर इलाके मे एक जोड़े की टूटी शादी पुलिस ने कराई। थाना परिसर में स्थापित शिवमंदिर के पास देर रात समझौते के बाद दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। दरअसल, बकेवर में एक गेस्टहाउस में औरैया के ब्रह्मनगर के रहने वाले रामवीर पाल की बेटी दीपा पाल की शादी थी। बारात चढ़ने के दौरान लड़की के कथित प्रेमी ने दोस्तों के साथ आकर दूल्हे जितेंद्र पाल की पिटाई कर दी। नाराज़ दूल्हे ने विवाह करने से मना कर दिया।

हालांकि दुल्हन ने कहा कि उसका लड़के से उसका कोई संबंध नहीं है। बारात भी रात में वापस ग्राम सहजपुर लौट गई थी। दूल्हा जितेंद्र पाल मध्य प्रदेश में एसएएफ (स्टेट आर्म फोर्स) में सर्विस करता है। वर्तमान में होशंगाबाद जिले में तैनात है। दूल्हे के साथ उपद्रव करने वाले दो लोगों को बरातियों ने पुलिस को पकड़ कर सौंप दिया था। थाना बकेवर पर लड़की और लड़के पक्ष के लोग जमा थे। लड़की पक्ष के लोग शादी के लिए मान मनौवल कर रहे थे। दूल्हा और दुल्हन भी थाना परिसर में ही मौजूद थे। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद देर रात थाना पुलिस की मौजूदगी में थाना परिसर में बने शिव मंदिर पर दूल्हा दुल्हन की शादी हुई।

आनन फानन में पंडित सुरेश दुबे को बुलवाया गया जिन्होंने दूल्हा-दुल्हन के सात फेरे कराये। इस दौरान थाना प्रभारी बकेवर इंस्पेक्टर आलोक राय सहित थाने के तमाम पुलिस कर्मी मौजूद रहे। कई पुलिसकर्मी तो थाना परिसर में हुई इस शादी को अपने मोबाइल में कैद कर रहे थे। शादी के समय बिजली गुल हो जाने से अंधेरे को दूर करने के लिए एक गाड़ी की सामने की लाइट जलाकर रोशनी की गई जिसमें दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। पुलिस ने बताया कि दूल्हे के शादी से इनकार करने के बाद शादी टूट गयी थी फिर दोनों पक्षो मे समझौता होने के टूटी शादी हो गयी। इसमें पुलिस का कोई हस्तक्षेप या भूमिका नही है।

इससे पहले बारात चढ़ने के दौरान लड़की के कथित प्रेमी ने अपने साथियों के साथ चिड़ियामार गन से रथ पर चढकर दूल्हे के सीने से लगाकर मारपीट की। बारातियों ने लड़की के कथित प्रेमी सहित तीन को पकड़ लिया। जिसमे से एक भाग निकला। पकड़े गए सभी युवक औरैया के हैं। चिड़िया मारने वाली रायफल भी बरामद हुई। पकड़े गए लड़की के प्रेमी सहित दो युवकों को बारातियों ने पुलिस को सौंप दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here