इस साल कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा ने भी अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है। वैसे उत्तर और मध्य भारत में पहुंच बनाने के बाद अब भाजपा का रुख दक्षिण भारत की तरफ है। इसके साथ ही अगर भाजपा की आवाज में कहा जाए तो वो दक्षिण भारत को भी कांग्रेस मुक्त बनाने की तैयारी शुरू कर चुके हैं। इसी के मद्देनजर पीएम मोदी  रविवार को बेंगलुरु में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह रैली पूरे कर्नाटक में 90-दिवसीय परिवर्तन यात्रा के समापन पर आयोजित की जा रही है। हालांकि, यात्रा पूरी होने के मौके पर 28 जनवरी को पीएम को रैली में शिरकत करनी थी, लेकिन उनकी व्यस्तता के चलते रैली टाल दी गई थी. अब पीएम इस रैली को संबोधित करने जा रहे हैं।

भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि आज सुबह पीएम मोदी बेंगलुरु पहुंचेंगे और शाम को पैलेस मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली में पूरे राज्य के हजारों पार्टी कार्यकर्ता और लोग शामिल होंगे। वहीं दूसरी तरफ दोनों पार्टियों की तरफ से सोशल मीडिया वॉर भी शुरू हो गया।  कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने पीएम का स्वागत करते हुए ट्वीट किया- ‘कर्नाटक इंवेस्टमेंट, इनोवेशन और विकासशील नीतियों में नंबर 1 स्टेट है।’ इसके जवाब में बीजेपी स्टेट यूनिट के चीफ बीएस येदुरप्पा ने ट्वीट किया, “कांग्रेस की सरकार में कर्नाटक भ्रष्टाचार में भी नंबर वन है।”

इस रैली में बीजेपी के लिए कई मुश्किलें भी खड़ी हो सकती हैं। दरअसल, महादायी जल विवाद को लेकर कन्नड़ समर्थित संगठनों ने आज बंद बुलाया है। साथ ही विरोध प्रदर्शन का भी आह्वान किया है। हालांकि, कर्नाटक हाई कोर्ट ने इस बंद को अवैध ठहराया है। वहीं, कांग्रेस सीधे तौर पर इस प्रदर्शन का समर्थन नहीं कर रही है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रदर्शकारियों को उसका संरक्षण प्राप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here