PM Modi Speech in Ayodhya: अयोध्या राम मंदिर में पीएम नरेन्द्र मोदी ने दिया भावुक भाषण, पढ़ें भाषण की बड़ी-बड़ी बातें…

0
17

PM Modi Speech in Ayodhya : कई सदियों के इंतजार के बाद आज आखिरकार 22 जनवरी 2024 की शुभ घड़ी में, प्रभु श्री राम मंदिर में विराज ही गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बाद पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत प्रभु राम के नाम का जयकारा लगाकर की। पीएम ने कहा, “सियावर रामचंद्र की जय… आज हमारे राम आ गए हैं।”

मंदिर के गर्भगृह में संकल्प लेने के बाद पीएम मोदी ने सनातन धर्म के सभी विधि-विधानों के साथ रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की। जिसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में आए अनेक निमंत्रित मेहमानों और संतों को मस्तक नमन किया। इसके पश्चात वे मंदिर परिसर में सजाए गए मंच पर भाषण देने पहुंचे। पीएम मोदी ने मंदिर परिसर में मौजूद लोगों और देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, “इस शुभ घड़ी की आप सभी और समस्त देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। मैं अभी गर्भगृह में ऐश्वर्य चेतना का साक्षी बनकर आप सबके सामने उपस्थित हुआ हूं। कितना कुछ कहने को है लेकिन कंठ अवरुद्ध है।”

PM Modi Speech in Ayodhya:’रामलला अब टेंट में नहीं भव्य मंदिर में रहेंगे…’-पीएम मोदी

PM मोदी ने कहा, “हमारे राम लला अब टेंट में नहीं रहेंगे, वे अब दिव्य मंदिर में रहेंगे। मेरा पक्का विश्वास है कि जो घटित हुआ है उसकी अनुभूति देश और दुनिया के कोने-कोने में रामभक्तों को हो रही होगी। यह क्षण अलौकिक है… यह माहौल, यह घड़ी हम सब पर प्रभु श्री राम का आशीर्वाद है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, “आज से हजार साल बाद भी लोग आज की इस तारीख की, आज के इस पल की चर्चा करेंगे। ये कितनी बड़ी राम कृपा है कि हम सब इस पल को जी रहे हैं और इसे साक्षात घटित होते देख रहे हैं…”

पीएम मोदी ने प्रभु श्री राम से की क्षमा याचना!

पीएम मोदी ने कहा, “मैं आज प्रभु श्री राम से क्षमा याचना भी करता हूं। हमारे पुरुषार्थ, त्याग, तपस्या में कुछ तो कमी रह गई होगी कि हम इतनी सदियों तक यह कार्य कर नहीं पाए। आज वह कमी पूरी हुई है। मुझे विश्वास है कि प्रभु श्री राम आज हमें अवश्य क्षमा करेंगे।”

PM मोदी ने श्री राम के वनवास के वियोग की तुलना कई सदियों के वियोग (राम मंदिर के ना बनने का वियोग) से की और कहा, “…उस कालखंड में तो वियोग सिर्फ 14 वर्षों का था… इस युग में तो अयोध्या और देशवासियों ने सैकड़ो वर्षों का वियोग सहा है। हमारी कई पीढ़ियों ने वियोग सहा है।”

उन्होंने कहा कि “हर युग में लोगों ने राम को जिया है। हर युग में लोगों ने अपने-अपने शब्दों में, अपनी तरह से राम को अभिव्यक्त किया है। यह राम रस जीवन प्रवाह की तरह निरंतर बहता रहता है।”

‘राम भारत की आस्था हैं, आधार हैं, विचार हैं…राम संसार हैं’- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “राम भारत की आस्था हैं, राम भारत का आधार हैं, राम भारत का विचार हैं, राम भारत का विधान हैं, राम भारत की चेतना हैं, राम भारत का चिंतन हैं, राम भारत की प्रतिष्ठा हैं, राम भारत का प्रताप हैं, राम प्रभाव हैं, राम प्रवाह हैं, राम नेति भी हैं, राम नीति भी हैं, राम नित्यता भी हैं, राम निरंतरता भी हैं, राम व्यापक हैं, विश्व हैं, विश्वात्मा हैं इसलिए जब राम की प्रतिष्ठा होती है तो उसका प्रभाव शताब्दियों तक नहीं होता, उसका प्रभाव हज़ारों वर्षों तक होता है।”

‘यही समय है, सही समय है।’-पीएम मोदी

PM मोदी ने कहा, “आज मैं पूरे पवित्र मन से महसूस कर रहा हूं कि कालचक्र बदल रहा है। यह सुखद संयोग है कि हमारी पीढ़ी को एक कालजयी पथ के शिल्पकार के रूप में चुना गया है। हजारों वर्ष बाद की पीढ़ी राष्ट्र निर्माण के हमारे आज के कार्यों को याद करेगी इसलिए मैं कहता हूं यही समय है, सही समय है।”

पीएम मोदी ने की न्यायपालिका को किया आभार व्यक्त

पीएम मोदी ने न्यायपालिका का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “संविधान के अस्तित्व में आने के बाद भी दशकों तक प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को लेकर कानूनी लड़ाई चली। मैं आभार व्य​क्त करूंगा भारत की न्यायपालिका का जिसने न्याय की लाज रख ली। न्याय के पर्याय प्रभु श्रीराम का मंदिर भी न्याय बद्ध तरीके से बना।”

‘देव से देश और राम से राष्ट्र की चेतना का विस्तार’ – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने भाषण का अंत प्रभु श्री राम के जयकार से की। उन्होंने कहा, “देव से देश और राम से राष्ट्र की चेतना का विस्तार होगा… आप सभी को शुभकामनाएं… सियावर राम चंद्र की जय।”

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस समारोह के लिए 8 हजार से अधिक खास मेहमान (वीवीआईपी) इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। समारोह में एक से बड़कर एक मशहूर हस्तियां मौजूद रहीं। पीएम मोदी ने इन हस्तियों का भी अभिवादन किया।

बॉलीवुड नायक रणबीर कपूर ,विक्की कौशल से लेकर उद्योग जगत की बड़ी हस्तियां, जैसे-मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी भी समारोह में शामिल हुए। सोनू निगम, कैलाश खेर और शंकर महादेवन जैसे मशहूर गायकों ने राम-सीता के भजनों से माहौल को राममय बनाने में अहम भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें:

तिरपाल से मंदिर में विराजने तक की रामलला की यात्रा

Ayodhya Ram Mandir: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद बोले CM योगी- ‘मंदिर वहीं बना है, जहां बनाने का संकल्प लिया था’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here