प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश पहुंचे। हिमाचल प्रदेश के रैहन में उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों ने हिमाचल प्रदेश को लूटा है, उन्हें यहां से भगाना होगा।

साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें यहां से भगाने का अवसर आपके पास 9 नवंबर को है। जब नौ तारीख को बटन दबाएं तो वजीर राम सिंह पठानिया के आजादी के लिए बलिदान को याद करना तभी सही सरकार बनेगी और हिमाचल का भाग्य बदलेगा। बता दें कि भाजपा के स्टार प्रचारक और पीएम नरेंद्र मोदी कांगड़ा के फतेह विधानसभा क्षेत्र के रैहन में परिवर्तन रैली कर रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के चुनाव में महज 7 दिन बचे हैं। जिसे देखते हुए पीएम मोदी आज से तीन दिनों तक हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में जनसभा को संबोधित करेंगे। सुबह-सुबह रैहन की विशाल जनसभा देख पीएम मोदी ने कहा कि इतनी बड़ी तादाद में लोग आए हैं इसका मतलब लोग हमें आशीर्वाद देने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि जब राज्य में भाजपा की सरकार आएगी तभी इस राज्य का भाग्य बदल सकेगा।

पीएम ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि अभी चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जिसे उम्मीदवार को खड़ा किया है, उस पर भ्रष्टाचार का केस चल रहा है। कांग्रेस पार्टी आत्मचिंतन करे इसके बाद पीएम मोदी सीधे नाहन रवाना होंगे। वे सिरमौर जिले के धौलाकुआं में दोपहर 1.30 बजे चुनावी माहौल गरमाएंगे। इसके बाद पीएम मोदी दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

वे चार और पांच नवंबर को फिर सूबे में पांच रैलियां करेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री 4 नवंबर को मंडी के सुंदरनगर, शाहपुर के रैत और कांगड़ा जिले के पालमपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि 5 नवंबर को उनका कुल्लू और उना में जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

कर्नाटक में अमित शाह की परिवर्तन रैली-

एक तरफ जहां नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश की चुनावी रैलियां कर भाजपा की साख मजबूत कर रहे हैं तो दूसरी तरफ भाजपा कर्नाटक में आज से परिवर्तन यात्रा शुरू करने जा रही है। इस परिवर्तन यात्रा की अगुवाई राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे।

एक बजे से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा बेंगलुरु इंटरनेशनल एक्जिबिशन सेंटर ग्राउंड, नाइस रोड जंक्शन से शुरू होगी। 79 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में कई नेता भाग लेंगे। भाजपा इस परिवर्तन यात्रा के जरिए कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव पर नजर गड़ाई बैठी है। भाजपा की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार 1 लाख बाइक सवार आज इस यात्रा में भाग लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here