एक तरफ जहां पीएम मोदी वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए देश के विधायकों और सांसदों से बात करके उनको विकास की शिक्षा दे रहे हैं तो वहीं उनके मंत्री विवादित बयान देकर देश का सिर शर्म से झुका रहे हैं। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने रेप की घटनाओं पर एक विवादित बयान दे दिया है। उन्होंने कहा, ‘ये दुर्भाग्यपूर्ण हैं लेकिन इनको रोका नहीं जा सकता है। सरकार सक्रिय है सब जगह, कार्रवाइयां हो रही हैं। इतने बड़े देश में एक दो घटनाएं हो जाएं तो बात का बतंगड़ नहीं बनाना चाहिए।’ केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने ये बयान बरेली में दिया। उनका बयान ऐसे समय आया है जब उन्नाव और कठुआ कांड सहित पूरे देश से रेप की लगातार खबरें आ रही हैं।
इस बयान के बाद सियासत गर्म हो गई। चारों तरफ से इस बयान की आलोचना होने लगी। सोचने वाली बात ये है कि केंद्र सरकार बलात्कारियों के खिलाफ सख्त कानून लाने की कोशिश कर रही है और उनके मंत्री इस तरह का विवादित बयान दे रहे हैं। बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 12 साल से कम उम्र की बच्चियों से बलात्कार के मामलों में दोषी व्यक्तियों को मृत्युदंड तक की सजा देने संबंधी अध्यादेश को आज अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी। केंद्रीय कैबिनेट ने कल उस अध्यादेश को अपनी स्वीकृति दी थी जिसके तहत 12 साल से कम उम्र की बच्चियों से बलात्कार करने के दोषी ठहराये गये व्यक्ति के लिये मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने की अदालत को इजाजत दी गई है।
इससे पहले पीएम मोदी ने अपने मंत्रियों और सांसदों से इस बात की सख्त हिदायत दी थी कि कुछ भी बोलने से पहले 10 बार सोच लें कि क्या बोलना है। इस तरह के विवादित बयान पार्टी के तरफ से कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उसके बावजूद पीएम मोदी के मंत्री और सांसद आए दिन कुछ न कुछ विवादित बयान देते रहते हैं।