अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर देश में माहौल काफी गरम चल रहा है। इस बीच कल सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरे वायरल होने लगी जिसमें गूगल मैप पर ‘अयोध्या’ की जगह ‘मंदिर यहीं बनेगा’ नाम देखकर एक नया विवाद पैदा हो गया।
दरअसल शनिवार को यूजर्स तब हैरान रह गए जब गूगल मैप में ‘अयोध्या’ नाम सर्च करने पर उन्हें अपनी टाइमलाइन पर सर्च रिजल्ट में ‘मंदिर यहीं बनेगा’ दिखाई दिया।
बता दें मंदिर यहीं बनेगा का स्लोगन हिंदूवादी संगठनों और उग्र हिंदूवादी कार्यकर्ताओं द्वारा बोला जाता है।
दुनिया भर में मैप सर्विस देने के लिए मशहूर गूगल मैप्स पर यह वाक्य दिखाई देने के बाद बवाल मचना लाजमी था। कई लोगों ने इसकी आलोचना की है। हालांकि शिकायत मिलने पर कंपनी ने इसे हटा दिया है।
गूगल का कहना है कि ‘अयोध्या‘ की जगह ‘मंदिर यहीं बनेगा’ नाम किसी यूजर द्वारा एडिट किया गया था। जिसे अब हटा दिया गया है।
बता दें कि राम मंदिर का मुद्दा फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में है। विवादित भूमि पर हिंदू धर्म के लोग राम मंदिर बनाने की मांग कर रहे हैं, वहीं मुस्लिम समुदाय वहां मस्जिद बनाए रखने की मांग पर अड़ा है।
विवादित स्थल पर अभी बाबरी मस्जिद है, जिसका एक हिस्सा 6 दिसंबर, 1992 को गिरा दिया गया था।