Eknath Shinde: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, शिवसेना के साथी सांसदों और विधायकों के साथ रविवार को अयोध्या दौरे पर हैं। पिछले साल जून में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद शिंदे की यूपी की पहली यात्रा है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी रविवार को मुंबई से अयोध्या के लिए रवाना हो गए।
अयोध्या से एकनाथ ने उद्धव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राममंदिर हमारी आस्था और श्रद्धा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी और शिवसेना की विचारधारा एक ही है। 500 साल बाद बालासाहब ठाकरे और करोड़ो भक्तों का सपना पूरा हो गया है। महाराष्ट्र के सीएम ने कहा कि भगवान राम की कृपा से हमें पार्टी का नाम और धनुष बाण मिला है, इसलिए हम सभी मंत्रियों के साथ यहां रामलला का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।

एकनाथ शिंदे बोले-कुछ लोगों को हिंदुत्व से होती है एलर्जी
एकनाथ शिंदे ने कहा कि अयोध्या का विकास तेजी से हो रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हैं, जिन्हें तकलीफ भी होती है, जो जानबूझकर ऐसा करते हैं, उन्हें हिंदुत्व की एलर्जी होती है। आजादी के बाद से कुछ लोग हिंदुत्व को लेकर गलतफहमी फैला रहे थे, आज भी कर रहे हैं। हमारा हिंदुत्व सबको साथ में लेकर चलने वाला है। कई लोगों को लगता है किहिंदुत्व अगर हर घर में पहुंच गया तो उनकी राजनीतिक दुकानें बंद हो जाएंगी।
बता दें कि शिंदे और शिवसेना के अन्य नेता शनिवार को लखनऊ पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिंदे का लखनऊ हवाईअड्डे पर धूमधाम से स्वागत किया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री सरयू नदी के तट पर ‘आरती’ करेंगे। वह राम मंदिर के चल रहे निर्माण स्थल का भी जायजा लेंगे।
“यह एक राजनीतिक दौरा नहीं है। मैं अयोध्या का दौरा करता रहता हूं लेकिन यह पहली बार है जब मैं यहां मुख्यमंत्री के रूप में आया हूं। हमारी पार्टी के सभी नेता भगवान राम का आशीर्वाद लेना चाहते थे। मैं योगी जी और उनके मंत्रियों को धन्यवाद देना चाहता हूं।” जो हमारा स्वागत करने के लिए यहां थे।”
यह भी पढ़ें:
- एकनाथ शिंदे को मिला ‘तलवार-ढाल’ का चुनाव चिन्ह, उद्धव की ‘मशाल’ से होगा मुकाबला
- शिवसेना पार्षदों ने उद्धव का दामन छोड़ा, एकनाथ शिंदे गुट में हुए शामिल