रविवार को यूपी एटीएस को बड़ी सफलता मिली। यूपी एटीएस ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर आतंकी संगठन ISIS के संदिग्ध आतंकी अबू जैद को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। वह कथित रूप से दुबई से भारत में ISIS का नेटवर्क चला रहा था और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को आतंकी संगठन में शामिल होने के लिए उकसाता था।  वह यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला है। आईबी ने इस संदिग्ध आतंकी के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया हुआ था। जानकारी देते हुए एडीजी आनंद कुमार ने बताया, ‘हम आतंकवाद के संदिग्ध को मुंबई से लखनऊ को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आए हैं।’ वह पिछले एक-डेढ़ साल से वर्क परमिट पर सऊदी अरब की राजधानी रियाज में था।

इससे पहले इसी साल जुलाई में ही यूपी एटीएस ने मुंबई एयरपोर्ट से लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध आतंकी सलीम खान को गिरफ्तार किया था। आनंद कुमार ने जानकारी दी कि अबु जैद के कई दूसरे आतंकी संदिग्धों के साथ संपर्क के बारे में जानकारी मिली है। अबु जैद को पहले भी बिजनौस और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अबु की गतिविधियों पर नजर रखे थी और जैसे ही मुंबई आया, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। संदिग्ध आतंकी अबु जैद सऊदी अरब से भारत में रह रहे कुछ लोगों को गाइड कर रहा था। वह एक मोबाइल एप के जरिए उन लोगों से बातचीत करता था। बताया जा रहा है कि ये लोग किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

कुमार ने बताया कि पिछले अप्रैल में एक आतंकी समूह पकड़ा गया था। जैद उसका प्रमुख आइडियोलॉग (प्रणेता) था। पकड़े गये लोगों में उमर उर्फ नाजिम, गाजीबाबा उर्फ मुजम्मिल, मुफ्ती उर्फ फैजान तथा जखवान उर्फ एहतेशाम शामिल थे। ये लोग सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर युवाओं को आईएसआईएस तथा अन्य कट्टरपंथी संगठनों की विचारधारा से प्रेरित करने की मंशा रखते थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here