Indore Fire Update: मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार रात स्वर्णबाग कालोनी की एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद अब पुलिस द्वारा बड़ा खुलासा किया गया है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी जांच में पाया गया है कि युवती से एकतरफा प्रेम के चलते युवक ने बिल्डिंग में खड़ी एक स्कूटी में आग लगाई थी। जिस कारण पूरी बिल्डिंग आग की चपेट में आ गई और सात मासूम लोगों की जान चली गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आग का पता लगाने के लिए 100 से ज्यादा CCTV फुटेज को देखा गया था। जिसमें पाया गया है कि युवती से बदला लेने के लिए युवक ने एक स्कूटी में देर रात आग लगा दी जिसने बाद में गंभीर रूप लिया और 7 लोगों की जान चली गई। युवक का नाम शुभम है।

Indore Fire Update: एकतरफा प्यार में पागल शुभम ने प्रेमिका की स्कूटी में लगाई आग
पुलिस द्वारा आरोपी शुभम दीक्षित को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। विजय नगर की पुलिस द्वारा अग्निकांड का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका खुलासा किया है।
पुलिस ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि, आरोपी युवक पहले युवती के घर में किराए पर रहता था, लेकिन किराया नहीं देने के चलते युवती के घर वालों ने आरोपी युवक से कमरा खाली करवा दिया था। शुभम युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था लेकिन युवती बार-बार इससे इनकार कर रही थी। इसी बात से नाराज शुभम ने युवती की स्कूटी में देर रात आग लगा दी। आरोपी कि खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

CCTV से हुआ खुलासा
पुलिस में मिली जानकारी में बताया गया है कि , फुटेज में रात को 2 बजकर 54 मिनट पर सफेद शर्ट में एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। लड़का कुछ समय बाद बिल्डिंग में ही खड़ी एक स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा देता है। आग लगाने के बाद यह लड़का वहां से फरार हो जाता है। कुछ देर बाद लड़का फिर से बिल्डिंग में आता है। इसके बाद वह इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे से छेड़छाड़ करता है। इसके साथ ही वह बिजली के मीटर के साथ भी छेड़छाड़ करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह यहां से फिर से रवाना हो जाता है।

क्या है मामला?
बता दें कि मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार देर रात स्वर्णबाग कालोनी की एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई थी। जिससे आग में 7 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में छह पुरुष और एक महिला शामिल है। वहीं आग में आठ लोग बुरी तरह झुलस भी गए थें। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के साथ-साथ विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।

आग के शिकार हुए लोगों में अधिकांश किराएदार हैं। वहीं मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर आग की घटना में मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की भी घोषणा की है। सीएम ने घटना की जांच कराने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी आदेश दिए हैं।
संबंधित खबरें:
- Delhi Firing Video: ट्रैफिक में फंसी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते रहे बदमाश, देखें वायरल Video
- Firing at Amritsar BSF Mess: मेस के अंदर BSF जवान ने की अंधाधूंध फायरिंग, शूटर समेत 5 की मौत, 1 की हालत गंभीर