बिहार के गया के बाराचट्टी थाना इलाके में एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करने और शव को अपने ही कमरे में दफनाने का आरोप लगा है।  पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर दफनाए गए शव को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस के मुकाबिक, गया के हाहेसाड़ी गांव निवासी बासो तुरी की हत्या का आरोप उसकी पत्नी जमुनी देवी और पत्नी के प्रेमी पर लगा है।

बासो तुरी के भतीजे महेंद्र तुरी ने थाने में केस दर्ज कराया है। इसके मुताबिक एक सप्ताह पहले उसके चाचा बासो तुरी के घर गांव के ही कुछ लोगों के साथ खाने का इंतजाम था।  उसी दिन के बाद से महेंद्र तुरी के चाचा बासो तुरी गायब हो गए थे।  आरोप है कि जमुनी देवी ने अपनी पति की हत्याकर अपने प्रेमी के साथ मिलकर शव को घर के ही एक कमरे में ही दफना दिया और वहीं सोने लगी। चूंकि शव अधिक गहराई पर नहीं दफन था, इसलिए तीन-चार दिनों के बाद दुर्गंध आने लगी।

राज खुल जाने के डर से जमुनी ने गांव की सरपंच देवंती देवी को रिश्वत का लालच देकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन उसने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।  थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार की शाम आरोपी की निशानदेही पर दफनाए गए शव को पुलिस ने बरामद कर लिया है।  थाना प्रभारी ने बताया कि बासो तुरी भी कुछ ही दिन जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था।  इस मामले में मुख्य आरोपी जमुनी देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है।  तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।  अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।  पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।