फेसबुक के जरिए तो आपने कई बार किसी अपने को ढूंढ निकालने की खबरें देखी और सुनी होंगी। लेकिन यू ट्यूब के एक वीडियो ने किसी खोए हुए को ढूंढ निकाला हैं, ये पहली बार सुनेंगे। यू ट्यूब ने अपनी एक विडियो की मदद से 40 साल पहले इम्फाल से लापता हुए शख्स को उसके परिवार से मिला दिया है। इसके पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। पिछले 40 साल से अपने परिवार से दूर मुंबई के बांद्रा की सड़कों पर गुजर-बसर कर रहे खोमदरम गंभीर सिंह मणिपुर में अपने परिजनों से दोबारा मिल गए हैं।
65 साल के खोमदराम गंभीर 40 साल पहले अपनी पत्नी से झगड़ा कर मुंबई भाग आये। उसके बाद से परिवार वाले इन्हे तलाशते रहे, लेकिन खोमदरम गंभीर सिंह वापस घर नहीं लौटे। एक दिन जब कुछ बच्चे खोमदरम सिंह को परेशान कर रहे थे तो वहां से यू ट्यूब के लिए वीडियो बनाने वाले शख्स फिरोज शकीर ने बच्चों को भगाया और उनका वीडियो बनाकर यू ट्यूब पर अपलोड कर दिया। संयोग से इसे इंफाल में मौजूद खोमदरम गंभीर सिंह के रिश्तेदारों ने देखा और इम्फाल पुलिस से मदद मांगी। इंफाल पुलिस ने मुंबई पुलिस को सूचना दी और यू ट्यूब पर वीडियो अपलोड करने वाले फिरोज शकीर से संपर्क साधा गया। फिरोज शकीर की मदद से बांद्रा पुलिस ने खोमदरम गंभीर सिंह को ढूंढ निकाला।
खोमदरम गंभीर सिंह एक बार फिर अपने परिवार से मिल सकेंगे। उन्हें फिलहाल पालघर के वृद्धा आश्रम में रखा गया है। इम्फाल से खोमदरम गंभीर सिंह का परिवार जल्द ही मुंबई आकर 40 साल बाद फिर से मिल पायेगा। खोदरम गंभीर सिंह के घर लौटने में अभी वक्त भले हो लेकिन यूट्यूब ने उन्हें परिवार से मिलाने की जो खुशियां दी हैं वो बेशकीमती हैं। क्योंकि, जीवन के आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुके इनके थके हाथों को अपनों के सहारे की ही सबसे ज्यादा जरुरत है।
कुमार मयंक एपीएन