G20 Summit: देश की राजधानी नई दिल्ली में 9 और 10 सितंबर 2023 को G-20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। भारत वर्तमान समय में G-20 देशों के समूह का अध्यक्ष है। नई दिल्ली में 18वां शिखर सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। जी20 दुनिया के 20 देशों का एक समूह है। इस समूह में 19 देश एवं यूरोपीय संघ शामिल होते हैं। जब सम्मेलन का आयोजन किया जाता है तब सभी देशों के राष्ट्राध्यक्ष और उनके साथ आने वाले अन्य सदस्य भाग लेते हैं। यहां जानें कार्यक्रम पूरी जानकारी…
इसमें सदस्य देशों के साथ-साथ अतिथि देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इसी बीच 9 विशेष आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों के 8 सितंबर तक भारत पहुंच जाने की खबर है। रूस और मेक्सिको से उनके प्रतिनिधि आएंगे। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइ़डेन दिल्ली पहुंचने वाले सबसे पहले राष्ट्राध्यक्षों में से एक होंगे। बाइ़डेन के 8 सितंबर को पूरे दिन दिल्ली में रहने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक वे अपने दूतावास के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम का ब्योरा साझा करेंगे। बता दें, प्रधानमंत्री मोदी और जो बाइडेन की मुलाकात के कार्यक्रम के बारे में अभी तस्वीर साफ नहीं है।

G20 Summit का स्थान
G20 शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में ITPO कन्वेंशन सेंटर, प्रगति मैदान के ‘भारत मंडपम’ में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 9 और 10 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
G-20 देशों के समूह में शामिल देश
G-20 देशों के समूह में 19 देश और यूरोपीय संघ शामिल है। इन सभी देशों के नाम निम्नलिखित हैं-
अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, कोरिया गणरज्य, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, यूके, अमेरिका एवं यूरोपीय संघ।
G20 शिखर सम्मेलन का पूरा कार्यक्रम
- 3-6 सितंबर: चौथी शेरपा बैठक
- सितंबर 5-6: वित्त प्रतिनिधियों की बैठक
- 6 सितंबर: संयुक्त शेरपाओं और वित्त प्रतिनिधियों की बैठक
- 9-10 सितंबर: जी20 शिखर सम्मेलन में मंत्रियों की बैठक
- 13-14 सितंबर: वाराणसी में चौथी सतत वित्त कार्य समूह की बैठक
- 14 – 16 सितंबर: मुंबई में वित्तीय समावेशन के लिए वैश्विक भागीदारी की चौथी बैठक
- 18-19 सितंबर: रायपुर में चौथी फ्रेमवर्क वर्किंग ग्रुप की बैठक।

8 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
सभी राष्ट्राध्यक्षों और समूह के अन्य डेलीगेट्स के लिए रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 2 घंटे के इस कार्यक्रम में भारतीय संसकृति और विरासत को दिखाया जाएगा।
9 सितंबर को होगा द्विपक्षीय बैठकों का दौर
शिखर सम्मेलन का यह दिन सबसे व्यस्त रहेगा। इसमें समूह की तीन बैठकें होंगी जिसमें सभी राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे। बैठकों के बीच होने वाले ब्रेक में सभी देशों को द्विपक्षीय बातचीत के लिए वक्त दिया जाएगा। इस बीच 50 द्विपक्षीय बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है। समूह के देशों की अलग से होने वाली मीटिंग भी इसी दिन प्रस्तावित है। सभी कार्यक्रम भारत मंडपम में ही होंगे जिसमें अलग-अलग हॉल की व्यवस्था है। इसी दिन रात में राष्ट्रपति भवन में सभी राष्ट्राध्यक्षों के लिए स्टेट डिनर भी होगा।
10 सतंबर को जारी किया जाएगा साझा बयान
10 सितंबर की सुबह सभी राष्ट्राध्यक्ष राजघाट पहुंच सकते हैं, जहां ग्रुप फोटो भी हो सकता है। यह G-20 शिखर सम्मेलन की अनौपचारिक रस्म भी मानी जाती है। बता दें, इसी दिन जी-20 की आखिरी बैठक होगी। जिसके बाद सभी की सहमति से एक साझा बयान जारी किया जाएगा जो दो दिन की समिट का नतीजा बताएगा। इसी दिन दोपहर से सभी राष्ट्राध्यक्ष अपने अपने देशों के लिए रवाना होने लगेंगे।

G-20 की कुछ प्रमुख बातें
जी20 के देशों का पूरी दुनिया की 85 प्रतिशत सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) पर नियंत्रण हैं। साथ ही वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व जनसंख्या का लगभग दो-तिहाई का प्रतिनिधित्व करते हैं।
यह भी पढ़ें: