उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वजीराबाद में नवनिर्मित सिग्नेचर ब्रिज पर शुक्रवार सुबह हुई एक बड़ी दुर्घटना में दो बाइक सवारों की मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार सिग्नेचर ब्रिज पर यह पहला बड़ा हादसा सुबह करीब पौने नौ बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार तेज रफ्तार में थे। बाइक सवार भजनपुरा से वजीराबाद की तरफ जा रहे थे। उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई और दोनों गिर पड़े। पुलिस दोनों को अस्पताल ले गयी जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। लड़कों की उम्र करीब 22 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। फिलहाल दोनों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस पुल का उद्घाटन किया था। इस ब्रिज पर 154 मीटर ऊंचा ग्लास बॉक्स भी है, जो पर्यटक स्थल के रूप में लोगों को शहर का ‘बर्ड्स आई व्यू’ देता है।

सिग्नेचर ब्रिज का उद्घाटन जब से हुआ है यह लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा है। लेकिन लोगों की सहूलियत के लिए बनाए गए इस पुल पर लोग पिकनिक मनाने और सेल्फी खिंचवाने पहुंच रहे हैं। परफेक्ट एंगल से फोटो लेने के चक्कर में लोग अपनी जान को भी जोखिम में डाल रहे हैं।

बताया जा रहा था कि दोनों लड़के केटीएम बाइक से स्टंट कर रहे थे, तभी डिवाइडर से टकराकर पुल से नीचे गिर गए। आशंका जताई जा रही थी कि स्पीड में बाइक चलाते समय सेल्फी लेते समय दोनों हादसे के शिकार हो गए। दोनों लड़कों की मौत की पुष्टि हो गई है। इनकी जेब से कोई आईडी नहीं मिली है इसलिए फिलहाल इनकी पहचान नहीं हुई है। यह हादसा केटीएम ड्यूक बाइक से हुआ। आशंका है कि हादसा स्पीड में सेल्फी लेते समय हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here