कोरोना काल में आम जनता से लेकर ऑटो सेक्टर का हाथ खाली है। सभी आर्थिक रुप से परेशान हैं। इसी बीच दुनिया में 9 और अरबपति आगए हैं। ये इतने अमीर बन गए हैं कि, किसी भी गरीब देश की पूरी आबादी को मुफ्त में वैक्सीन लगाई जा सकती है। वैक्सीन के पेटेंट हटाने की मांग करने वाले ग्रुप पीपल्स वैक्सीन अलायंस ने दावा किया है कि, कोरोना वायरस वैक्सीन से होने वाले मुनाफे ने नौ लोगों को अरबति बना दिया है।
समूह ने बताया है कि, नौ नये अरबपतियों के पास 19.3 बिलियन डॉलर की संपत्ति है और इतने पैसे में गरीब देशों की पूरी आबादी को एक से अधिक बार कोविड वैक्सीन लगाई जा सकती है। समूह में शामिल चैरिटी ऑक्सफैम से जुड़ीं एन्ना मैरिएट ने कहा कि ये अरबपति उस मोटे मुनाफे का इंसानी चेहरा है, जो फार्मा कंपनियां वैक्सीन पर एकाधिकार के चलते बना रही हैं।
नए अरबपतियों की सूची में सबसे ऊपर मॉडर्ना के प्रमुख स्टीफेन बेंसल और उनके बाद फाइजर के साथ मिलकर वैक्सीन बनाने वाली कंपनी बायोएनटेक के प्रमुख उगर साहिन के मौजूद हैं। इनके अलावा चीनी कंपनी कैनसिनो बायोलॉजिक्स के तीन सह-संस्थापक भी नए अरबपतियों की सूची में शामिल हैं।
बता दें कि, कई संगठनों और कार्यकर्ताओं वाले पीपल्स वैक्सीन अलायंस लगातार वैक्सीन बनाने की टेक्नोलॉजी पर बड़ी फार्मा कंपनियों का एकाधिकार समाप्त करने की मांग कर रही हैं। पीपल्स वैक्सीन अलायंस का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब भारत और दक्षिण अफ्रीका जैसे देश लगातार वैक्सीन से पेटेंट सुरक्षा हटाने की मांग कर रहे हैं। साथ ही अमेरिका जैसे देश और पोप फ्रांसिस जैसी महत्वपूर्ण हस्ती ने भी पेटेंट हटाने की मांग का समर्थन किया है। इससे विकासशील देशों में भी वैक्सीन का उत्पादन रफ्तार पकड़ सकेगा और दुनिया को महामारी से जल्दी छुटकारा मिल सकेगा।