मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए एलिवेटिड सड़क का उद्घाटन किया। साढ़े 10 किलोमीटर लंबी यह एलिवेटिड सड़क यूपी गेट से सीधे राजनगर एक्सटेंशन को जोड़ेगी। करीब 11,000 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की गई इस एलिवेटिड सड़क के जरिए दिल्ली से गाजियाबाद तक का सफर बहुत आसान हो जाएगा। इसके साथ ही इस 6 लेन एलिवेटिड रोड के चलते दिल्ली से मेरठ, मुरादनगर और मोदीनगर जाने वाले लोगों को भी काफी सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के लिए उद्घाटन स्थल पर रेड कार्पेट बिछाया गया। सीएम योगी उद्घाटन के लिए हिंडन एयरबेस से सीधे राज नगर एक्सटेंशन रोड पर पहुंचें। बताया जा रहा है कि इस एलिवेटिड रोड से प्रतिघंटा 4,000 वाहन गुजरेंगे। साथ ही नैशनल हाइवे 24 से एनएच 58 पहुंचना भी आसान हो सकेगा।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कविनगर स्थित रामलीला ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। खबर के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कविनगर रामलीला मैदान से जिले में 1791.63 करोड़ की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें जीडीए की दस, विद्युत, शिक्षा, अग्निशमन और सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग की आठ परियोजनाएं भी शामिल हैं। योगी आदित्यनाथ के दौरे के चलते पुलिस ने सुरक्षा के भी पुख्ता इंजाम भी किए हैं। बता दें कि यूपी उपचुनाव और राज्यसभा चुनाव के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री गाजियाबाद का दौरा करेंगे।

क्या हैं सड़क की खासियत:

  • इस एलिवेटिड सड़क के निर्माण से गाजियाबाद से दिल्ली का आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा, साथ ही इसमें लगने वाला समय भी बच पाएगा।
  • इस रोड के खुलते ही गाजियाबाद के लोगों का दिल्ली जाना आसान हो जाएगा और यहां से सिर्फ 15 मिनट में दिल्ली पहुंचा जा सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here