आंध्र प्रदेश के सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती में महिलाओं के एक स्वयं सहायता समूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ऐसे जोड़ो को प्रोत्साहित करेगी जो तीन से चार बच्चे पैदा करेंगे। नायडू ने कहा कि अब जनसंख्या नियंत्रण की नीति को अलविदा कहने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि सिकुड़ती युवा जनसंख्या देश की प्रगति को रोक सकती है।

नायडू ने कहा, ‘मैंने हमेशा 1-2 बच्चों के परिवार की वकालत की है, लेकिन हालात ऐसे हैं कि अब हमें अपनी पॉलिसी पर विचार करना होगा और इसमें बदलाव करना होगा।’ उन्होंने यह भी कहा कि आंध्र प्रदेश जनसंख्या नियंत्रण की वजह से उपेक्षा का शिकार भी हुआ है क्योंकि केंद्र स्पेशल पैकेज देने के समय उन राज्यों को तरजीह देता है जिनकी जनसंख्या ज्यादा होती है।

उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी उसकी सबसे बड़ी ताकत रही है और देश की मांग है कि ज्यादा से ज्यादा युवा देश की तरक्की में अपना योगदान दें। नायडू ने जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के घर वापस जाने का वक्त आ गया है क्योंकि आम चुनाव में भाजपा की हार निश्चित है।

तेदेपा अध्यक्ष ने पार्टी के नेताओं से कहा, ‘भारत बचाओ, लोकतंत्र बचाओ का नारा देश भर में गुंजायमान है। एकजुट भारत (विपक्षी दलों) रैली की चर्चा देशभर में हो रही है। देश जन विरोधी शासन को बर्दाश्त नहीं करेगा।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here