केदारनाथ से तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रहा एक हेलीकॉप्टर शनिवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। यह हादसा गौरीकुंड के पास धुरी खर्क इलाके में हुआ, जिसमें सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में महाराष्ट्र से आए एक दंपति और उनका करीब दो साल का बच्चा भी शामिल है। हादसे की पुष्टि जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने की है।
यह हेलीकॉप्टर आर्यन हेली एविएशन कंपनी का बताया गया है और इसमें पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। गौरीकुंड क्षेत्र के ऊपरी हिस्से में घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने सबसे पहले हेलीकॉप्टर गिरने की सूचना दी। हेलीकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने इस दुर्घटना की पुष्टि की।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि रुद्रप्रयाग जिले में हुए हेलीकॉप्टर हादसे की बेहद पीड़ादायक खबर मिली है। राहत व बचाव दलों को मौके पर भेजा गया है और मैं बाबा केदारनाथ से सभी की कुशलता की प्रार्थना करता हूं।
हादसे की संभावित वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी खामी और खराब मौसम इस दुर्घटना की वजह मानी जा रही है। 2 मई को केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के बाद से हेलीकॉप्टर से जुड़ा यह पांचवां हादसा है।
बताया गया कि 15 जून को सुबह करीब 5:17 बजे आर्यन हेली एविएशन का एक हेलीकॉप्टर छह तीर्थयात्रियों को लेकर केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में मौसम बिगड़ने के कारण उसे वैकल्पिक स्थान पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी, जहां वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
मृतकों की सूची
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों में शामिल हैं:
- राजवीर – पायलट
- विक्रम रावत – बीकेटीसी, रासी (ऊखीमठ निवासी)
- विनोद
- तृष्टि सिंह
- राजकुमार
- श्रद्धा
- राशि – बालिका, उम्र 10 वर्ष