बिहार में चुनाव चल रहा है। पश्चिम बंगाल में चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बीजेपी को एक बड़ा मुद्दा मिल गया है जिसे पार्टी जम कर भुनाने वाली हैं। इस मुद्दे के जरिए पार्टी विपक्ष पर तंज कसने में कोई कमी नहीं छोड़ रही है।
पुलवामा आतंकी हमले में पाकिस्तान द्वारा स्वीकारोक्ति के बाद बीजेपी को आतंकवाद का बड़ा मुद्दा मिल गया है। पार्टी इस पर विपक्षी दलों को घेर रही है और इस मुद्दे को वह सभी राज्यों में अलग-अलग तरह से पेस करेगी। बिहार विधानसभा के चुनाव और विभिन्न उपचुनाव में तो यह मुद्दा गरमा ही गया है भविष्य में पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा इस पर तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस एवं वामपंथी दलों पर निशाना साधेगी।
पश्चिम बंगाल चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी की नजर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव पर हैं।पार्टी यहां सत्ता का झंडा गाडने में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। पश्चिम बंगाल का मोर्चा गृहमंत्री अमित शाह का बड़ा मिशन है। पार्टी अध्यक्ष रहते हुए शाह ने ही इसकी पूरी व्यूहू रचना की थी। अब फिर शाह इसका मोर्चा संभालने जा रहे हैं।
पुलवामा हमले के दौरान विपक्ष में कांग्रेस ने मोदी सरकार पर कई सावल खड़े किए थे। कांग्रेस ने सरकार से सबूत मांगे थे। अब जबकि पाकिस्तान के एक मंत्री ने इसे अपनी सरकार की कामयाबी बताया है तब भाजपा विपक्षी दलों पर हमलावर हो गई है।
पार्टी हुई एकजुट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर पार्टी के नेता और संगठन देशभर में विरोधी खेमे को घेरने में जुट गए हैं। यह केवल केंद्रीय स्तर का मुद्दा ही नहीं बनेगा बल्कि हर राज्य की पार्टी इकाई अपने यहां इस मुद्दे को उठाकर अपने विरोधी दल को कटघरे में खड़ा करेगी।
छह महीने बाद पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव होने हैं, तब भाजपा को यह बड़ा मुद्दा हाथ लग गया है। इसके जरिए वह ममता बनर्जी, कांग्रेस और वामपंथी दलों को कटघरे में खड़ा करने की कोई कमी नहीं छोडेंगे। राष्ट्रवाद का मुद्दा भाजपा का पहले से ही बड़ा मुद्दा रहा है अब उसे इससे और धार मिलेगी। साथ ही सामाजिक समीकरण में भी यह मुद्दा काम कर सकता है।
पांच नवंबर को अमित शाह जाएंगे बंगाल
भाजपा के लिए पश्चिम बंगाल चुनाव किसी जंग से कम नहीं है। पार्टी यहां पर हर हाल में जीत दर्ज करना चाहती है। बिहार चुनाव खत्म होते ही पार्टी बंगाल पर धावा बोलेगी। गृह मंत्री अमित शाह पांच नवंबर को दो दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। जहां वह कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के साथ सभाएं भी करेंगे।
हाल में शाह की अस्वस्थता के चलते जेपी नड्डा छह नवंबर को बंगाल जाने वाले थे। अब जबकि शाह स्वस्थ हैं तो नड्डा का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इसके पहले नड्डा ने सिलीगुड़ी में जाकर पार्टी की बैठक ली थी। पार्टी ने हाल में संगठन में भी बंगाल के नेताओं को महत्व दिया है।