बेगूसराय से लोकसभा सांसद और बिहार में बीजेपी के कद्दावर नेता भोला सिंह का शुक्रवार शाम को निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। वह लंबे समय से बीमार थे और पिछले तीन दिनों से दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में भर्ती थे। बता दें कि भोला सिंह बिहार की राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा थे। वह बिहार सरकार में मंत्री रहने के अलावा बेगूसराय से 8 बार विधायक रह चुके थे। भोला सिंह के निधन से स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

भोला सिंह के निधन की खबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘बेगूसराय से सांसद भोला सिंह जी के निधन की खबर से दुखी हूं। उन्हें समाज के लिए किए गए उनके कार्यों की वजह से याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी उनके परिवार और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना है।’

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी मृत्यु बिहार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि सिंह सामाजिक कार्य में सक्रियता से भाग लेते थे और उनके जाने से इस क्षेत्र को भी बड़ा नुकसान हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी सिंह के निधन पर शोक जताया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सांसद भोला सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि भोला सिंह राजनीति में अपनी सुचिता और सरल हृदय के लिए जाने जाते थे। सामाजिक कार्यो में उनकी गहरी अभिरुचि थी और वे अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति और उनके परिजनों, प्रशंसकों एवं समर्थकों से दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here