भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सत्ता के दुरूपयोग को आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरूवार को कहा कि केन्द्र और उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर लोगों को चिह्नित करके प्रताड़ित किया जा रहा है। पार्टी मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आये नेताओं, कार्यकर्ताओं, महिलाओं और छात्रों-नौजवानों को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरूपयोग करने में कोई संकोच नहीं कर रही है। भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर लोगों को चिह्नित करके पीड़ित किया जा रहा है। राज्य में निर्दोषों की हत्यायें चरम पर हैं। भाजपा समाज में जातिवाद फैला रही है। समाज में जातिवाद के कारण पिछड़ापन है। भाजपा इसका इस्तेमाल राजनैतिक स्वार्थ के लिये कर रही है। अन्याय और भ्रष्टाचार का भाजपा राज में बोलबाला है। पूरे प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो गया है।

उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में अन्याय की घटनाओं का सिलसिला जारी है। नौकरी और रोजगार नहीं बचे है। समाजवादी लोग ही उत्तर प्रदेश के विकास और समृद्धि की चिंता करते है। समाजवादी सामाजिक सद्भाव और न्याय की लड़ाई को कमजोर नहीं होने देंगे।  सपा अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। देश के लिये लोकतंत्र को सही दिशा में ले जाने के लिये समाजवादी पार्टी जनता पर हो रहे अन्याय की लड़ाई लड़ती रहेगी।

प्रधानमंत्री बदलने पर देश को न सिर्फ राहत मिलेगी बल्कि अपार खुशी भी होगी। उन्होने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ नफरत फैलाने में जुटी हुयी है। भाजपा सरकार में हर स्तर पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। जनता शासन-प्रशासन के भ्रष्ट रवैये से त्रस्त है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। यादव ने कहा कि भाजपा पता नहीं किस मुद्दे को लेकर समाज में नफरत और दूरी फैला दे, कोई नहीं जानता। प्रचार माध्यमों, टेलीविजन, अखबारों, पर कब्जा करके उसका चुनाव के दौरान एक पक्षीय इस्तेमाल करना भाजपा का एजेंडा है।

उन्होने कहा कि जनसंख्या के अनुपात के आधार पर हक और सम्मान मिलना चाहिए। भाजपा संविधान से प्राप्त अधिकार और सम्मान छीनने पर तुली हुई है। भाजपा सरकारें राग-द्वेष से काम कर रही है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आयेंगे समाजवादी पार्टी के विरूद्ध प्रचार तेज होगा। यह साजिश भाजपा की रणनीति का हिस्सा है। समाजवादी विकास का रास्ता नहीं छोड़ेंगे। हम नई चुनौती के लिए तैयार है। भाजपा लाख कोशिश कर ले लेकिन उनकी कोई युक्ति अब काम नहीं आ सकती है।

-साभार, ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here