बारिश, बर्फबारी और घना कोहरा: ठंड का कहर जारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानें दिल्ली-यूपी का हाल

0
0
बारिश, बर्फबारी और घना कोहरा: ठंड का कहर जारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानें दिल्ली-यूपी का हाल
बारिश, बर्फबारी और घना कोहरा: ठंड का कहर जारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानें दिल्ली-यूपी का हाल

उत्तर भारत में सर्दी ने अपना असर और तेज कर दिया है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और बारिश की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे, शीतलहर और कोल्ड डे को लेकर चेतावनी जारी की है।

IMD के अनुसार पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अगले 4 से 5 दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। वहीं हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले 6 से 7 दिनों के दौरान शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में सर्दी का असर

नए साल की शुरुआत के साथ ही राजधानी दिल्ली में ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 जनवरी को आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

यूपी में ठंड और कोहरे का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 3 जनवरी को सुबह और रात के समय कई इलाकों में कोहरा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में 6 से 9 जनवरी के बीच शीतलहर चल सकती है। शनिवार को ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है। वहीं यूपी से सटे बिहार में भी सर्दी का असर तेज है। यहां सुबह और रात के वक्त बहुत घना कोहरा छाने की आशंका है। बिहार के लिए 4 और 5 जनवरी को कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है।

हिमाचल में माइनस में तापमान

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे तापमान शून्य से नीचे चला गया है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कुल्लू-मनाली क्षेत्र में मौसम साफ होने के बाद ऊंचाई वाले इलाकों की सड़कों पर ब्लैक आइस जमने लगी है। फिसलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने रोहतांग दर्रा वाहनों के लिए बंद कर दिया है और रोहतांग की ओर जाने वाले वाहनों को गुलाबा में ही रोक दिया जा रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 8 जनवरी तक मौसम साफ बना रह सकता है। हालांकि 6 जनवरी को ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।