पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म ‘दॅ एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के रिलीज होने के पहले ही विवाद शुरू हो गया है। महाराष्ट्रद यूथ कांग्रेस ने फिल्म् को लेकर चेतावनी दी है। महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस ने इस फिल्म के निर्माताओं को नोटिस भेजा है। संगठन के पदाधिकारियों ने रिलीज से पहले फिल्म उन्हें दिखाने की मांग की है। संगठन के अध्येक्ष सत्यपजीत तांबे का कहना है कि ‘फिल्मा से विवादित सीन को हटाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो यूथ कांग्रेस देश में कहीं भी फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने देगी।’ भाजपा के ट्विटर हैंडल से इसका ट्रेलर पोस्ट किया गया। शुक्रवार को इस पर मीडिया ने मनमोहन से सवाल किया तो वे बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए।

यह फिल्म संजय बारू की किताब दॅ एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर पर आधारित है। यह फिल्मी 11 जनवरी को रिलीज हो रही है। संजय बारू मई 2004 से अगस्त 2008 तक पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। किताब में संजय बारू का दावा था कि मनमोहन सिंह ने सोनिया गांधी के सामने घुटने टेक दिए थे। फिल्म में संजय बारू का किरदार अक्षय खन्ना निभा रहे हैं। फिल्म में मनमोहन सिंह का किरदार अनुपम खेर ने और सोनिया गांधी का किरदार जर्मन एक्ट्रेस सुजैन बर्नेट ने निभाया है। राहुल गांधी की भूमिका में अर्जुन माथुर नजर आएंगे।

उधर, कांग्रेस नेता पी. एल. पुनिया सहित कई पार्टी नेताओं ने इस फिल्म को लेकर भाजपा की आलोचना की है। पुनिया ने कहा, “ यह फिल्म भाजपा का राजनीतिक खेल हैं। पांच वर्ष बीत गये और अब प्रधानमंत्री को अपने कार्यों का ब्योरा देने का समय है। वह महत्वपूर्ण मुद्दे से लोगों का ध्यान हटाने के लिए इधर-उधर की बातें कर रहे हैं।”

महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस की आपत्ति पर खेर ने कहा, ‘‘हाल ही में राहुल गांधी जी का ट्वीट पढ़ा था, जिसमें उन्होंने अभिव्यक्ति की आजादी पर बोला था। ऐसे में मेरा मानना है कि उन्हें उन लोगों को डांटना चाहिए कि आप लोग गलत काम कर रहे हो।’’ अनुपम ने यह भी कहा, ‘‘उनके (कांग्रेस) नेता पर फिल्म बनी है, उन्हें खुश होना चाहिए। आपको भीड़ लेकर भेजनी चाहिए फिल्म देखने के लिए, क्योंकि डायलॉग हैं उसमें। जैसे कि- मैं देश को बेचूंगा? जिससे लगता है कि कितने महान हैं मनमोहन सिंह जी’’

कांग्रेस ने दॅ एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर के कंटेट पर जतायी आपत्ति
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म ‘दॅ एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के रिलीज होने के पहले मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने आज इस फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया में रिलीज होने के बाद इस पर आपत्ति जताते हुए निर्माता निर्देशक से आपत्तिजनक दृश्य और संवाद हटाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस की मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा कि इस फिल्म का ट्रेलर देखा गया है। कांग्रेस निर्माता निर्देशक से मांग करती है कि इस फिल्म को रिलीज करने के पहले पार्टी के जिम्मेदार नेताओं को दिखाया जाए। ट्रेलर में ही कुछ आपत्तिजनक दृश्य और संवाद है, जिससे प्रतीत होता है कि इसके जरिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की छवि को कलंकित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस तरह के दृश्य और संवाद फिल्म में नहीं होना चाहिए। शोभा ओझा ने कहा कि फिल्म के माध्यम से किसी पार्टी और उसके शीर्ष नेताओं की छवि खराब करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। यह बात वे पार्टी नेता होने के नाते कह रही हैं। यह फिल्म 11 जनवरी को रिलीज होने वाली है। इसका ट्रेलर सोशल मीडिया में दिखायी दे रहा है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी भी शुरू हो गयी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here