रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। इस वीकेंड फिल्म ने ऐसा कलेक्शन किया कि कई जगह ‘हाउसफुल’ के बोर्ड लग गए। भारत के बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है और लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। 5 दिसंबर को रिलीज़ हुई यह फिल्म दूसरे रविवार को 59 करोड़ का कलेक्शन करके इतिहास रच चुकी है। इस शानदार सफलता के बीच रणवीर सिंह ने पहली बार अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी भावनाएं और किस्मत को लेकर विचार साझा किए।
रणवीर सिंह ने पोस्ट में क्या कहा
रणवीर ने ‘धुरंधर’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा: “किस्मत की एक बहुत खूबसूरत आदत होती है कि वो वक्त आने पर बदलती है। लेकिन, फिलहाल के लिए नजर और सब्र।” फैंस इस पोस्ट को देखकर कयास लगा रहे हैं कि यह रणवीर का फिल्म की सफलता के लिए धन्यवाद और भावनाओं से भरा संदेश है।
लंबे समय से तलाश रहे थे ब्लॉकबस्टर
रणवीर सिंह ने ‘धुरंधर’ से पहले कई फिल्मों में काम किया था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। ‘83’, ‘जयेशभाई जोरदार’ और ‘सर्कस’ फ्लॉप रही थीं। इसके बाद उन्होंने ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘सिंघम अगेन’ में भी नजर आए। लंबे समय तक ब्लॉकबस्टर की तलाश में रहे रणवीर के लिए ‘धुरंधर’ ने एक नया इतिहास रच दिया।
पहले ही दिन से छाई फिल्म
‘धुरंधर’ ने रिलीज के पहले दिन ही 26 करोड़ का कलेक्शन किया और इसके बाद कमाई लगातार बढ़ती रही। रिलीज के 9 दिन के भीतर भारत में यह फिल्म 350 करोड़ और दुनियाभर में 500 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है। इस फिल्म ने रणवीर की पिछली फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
फिल्म की लंबाई 3.30 घंटे है, लेकिन इसकी कहानी और कास्ट को दर्शकों ने खूब सराहा। रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और आर माधवन जैसे सितारे भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा फिल्म के छोटे किरदारों को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
‘धुरंधर’ की सफलता रणवीर के करियर के लिए एक बड़ा मोड़ साबित हो रही है और फैंस इस फिल्म के जलवे का आनंद ले रहे हैं।









