2010 के बाद बॉलीवुड में नए चेहरों की बहार देखने को मिली। रणवीर सिंह, आयुष्मान खुराना, आलिया भट्ट, वरुण धवन, कृति सेनन और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे कई यंग एक्टर्स ने इंडस्ट्री में कदम रखे और कुछ ही समय में टॉप स्टार्स की लिस्ट में शामिल हो गए। इसी दौर में एक और नाम उभरा था — गिरीश कुमार का — जिन्होंने पहली ही फिल्म में जबरदस्त पहचान बना ली थी। मगर जल्द ही उन्होंने एक्टिंग की दुनिया से किनारा कर लिया और अब वो भारत के सफलतम बिजनेस लीडर्स में गिने जाते हैं।
फिल्मी करियर छोटा, लेकिन असरदार
गिरीश कुमार ने 2013 में प्रभु देवा के निर्देशन में बनी रोमांटिक फिल्म ‘रमैया वस्तावैया’ से बॉलीवुड में कदम रखा। यह फिल्म सुपरहिट तेलुगु फिल्म ‘नुव्वोस्तानंते नेनोददंतना’ की हिंदी रीमेक थी। श्रुति हासन के साथ उनकी जोड़ी को पसंद किया गया और गिरीश की स्माइल और कर्ली हेयर स्टाइल ने उन्हें डेब्यू के साथ ही नेशनल क्रश बना दिया था। हालांकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाल नहीं दिखाया। 2016 में आई उनकी दूसरी फिल्म ‘लवशुदा’ भी कुछ खास नहीं चली, जिसके बाद गिरीश ने फिल्मों से दूरी बना ली और पारिवारिक बिजनेस की तरफ रुख किया।
पारिवारिक विरासत से बिजनेस की ओर
गिरीश कुमार का बैकग्राउंड भी फिल्मी है। वह मशहूर म्यूजिक और फिल्म कंपनी टिप्स इंडस्ट्रीज के मालिक कुमार एस तौरानी के बेटे हैं। उनके चाचा रमेश तौरानी के साथ मिलकर यह कंपनी भारत के टॉप एंटरटेनमेंट ब्रांड्स में से एक बन चुकी है। फिल्मों से दूरी बनाने के बाद गिरीश ने कंपनी की जिम्मेदारी संभाल ली और आज टिप्स इंडस्ट्रीज में मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) के पद पर हैं। वह कंपनी के डिजिटल म्यूजिक, फिल्म निर्माण और कंटेंट डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े रणनीतिक विस्तार में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
2000 करोड़ से ज्यादा की व्यक्तिगत संपत्ति
गिरीश भले ही स्क्रीन से दूर हो गए, लेकिन बिजनेस की दुनिया में उनकी चमक लगातार बढ़ रही है। ट्रेंडलाइन डेटा के मुताबिक, उनकी नेट वर्थ लगभग 2164 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह आंकड़ा उन्हें न केवल एक सफल कारोबारी बनाता है, बल्कि कई बॉलीवुड सितारों से कहीं अधिक रिच पर्सनलिटी भी। टिप्स इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप दिसंबर 2024 तक 10,517 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है — और गिरीश इसमें एक मजबूत स्तंभ की भूमिका निभा रहे हैं।
पर्सनल लाइफ में भी बैलेंस का उदाहरण
गिरीश ने अपनी बचपन की दोस्त कृष्णा से शादी की है और दोनों का एक बेटा है। मुंबई में बसे इस परिवार के साथ रहते हुए गिरीश न केवल परिवार को समय दे रहे हैं, बल्कि टिप्स म्यूजिक और फिल्म डिवीजन को नई ऊंचाइयों तक भी पहुंचा रहे हैं।









