बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री और पूर्व मिस इंडिया नम्रता शिरोड़कर मंगलवार को 47 वर्ष की हो गयी। नम्रता शिरोड़कर का जन्म 22 जनवरी 1972 को मुंबई में हुआ। नम्रता ने अपने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल से की। उनकी दादी मीनाक्षी शिरोड़कर मराठी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री थीं। उनकी बहन शिल्पा शिरोड़कर ने बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है। नम्रता ने वर्ष 1993 में मिस इंडिया का खिताब जीता। उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत पूरब की लैला पश्चिम की छैला से की। फिल्म में अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी ने भी काम किया था लेकिन यह फिल्म प्रदर्शित नहीं हो सकी। वर्ष 1998 में उनकी पहली फिल्म जब प्यार किसी से होता है प्रदर्शित हुयी। इस फिल्म में नम्रता ने सलमान खान के अपोजिट काम किया। फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुयी।

Namrata Shirodkar

वर्ष 1998 में ही नम्रता की मेरे दो अनमोल रतन और हीरो हिंदुस्तानी जैसी फिल्में प्रदर्शित हुयीं। हालांकि दोनों फिल्में टिकट खिड़की पर नकार दी गयी। वर्ष 1999 में उनकी एक और सुपरहिट फिल्म कच्चे धागे प्रदर्शित हुयी। फिल्म में अजय देवगन और सैफ अली खान ने मुख्य भूमिका निभायी थी। वर्ष 1999 में प्रदर्शित फिल्म वास्तव उनके करियर की सुपरहिट फिल्म में शुमार की जाती है। महेश मांजरेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नम्रता ने संजय दत्त के अपोजिट काम किया। फिल्म मे नम्रता और संजय की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुयी। वर्ष 2002 में फिल्म वास्तव का सीक्वल हथियार बनायी गयी। हालांकि यह फिल्म टिकट खिड़की पर असफल साबित हुयी।

Namrata Shirodkar

वर्ष 2000 नम्रता शिरोड़कर के करियर के लिये अच्छा वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनकी पुकार, हेराफेरी और अस्तितव जैसी सुपरहिट फिल्में प्रदर्शित हुयीं। फिल्म पुकार में उनकी जोड़ी अनिल कपूर के साथ काफी पसंद की गयी। इस फिल्म के लिये उन्हें आइफा की ओर से सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के पुरस्कार के लिये नामांकित किया गया। इसके बाद नम्रता ने अलबेला, दिल विल प्यार व्यार, हथियार, मसीहा, एलओसी कारगिल, चरस, इंसाफ और रोक सको तो रोक लो जैसी कई फिल्मों में काम किया लेकिन सभी फिल्में टिकट खिड़की पर बुरी तरह से नकार दी गयी। इस बीच नम्रता ने कन्नड़, मलयालम, तेलगू और मराठी फिल्मों में भी काम किया।

Namrata Shirodkar

वर्ष 2000 में प्रदर्शित तेलगू फिल्म वामसी की शूटिंग के दौरान नम्रता और दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार महेश बाबू के बीच प्यार हो गया। इसके बाद नम्रता ने महेश बाबू से वर्ष 2005 में शादी कर ली। शादी के बाद वह पति के साथ हैदराबाद में ही बस गईं। नम्रता के दो बच्चे बेटा गौतम कृष्ण और बेटी सितारा हैं।

-साभार,ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here