अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प मंगलवार को न्यूयॉर्क के मैनहटन की एक अदालत में पेश होंगे। उनके खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप दायर किए जाएंगे। ट्रम्प अमेरिका के पहले पूर्व राष्ट्रपति हैं जिनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलेगा। दरअसल ट्रम्प ने पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को अपना मुंह बंद रखने के लिए मोटी रकम दी थी। हालांकि मामले पर ट्रम्प का कहना है कि वे निर्दोष हैं।
ट्रम्प के विरोध और समर्थन में प्रदर्शनों के मद्देनजर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। ट्रम्प ने अपने समर्थकों से कहा है कि वे उनका समर्थन करें। बता दें कि शुरू में ट्रम्प ने डेनियल को भुगतान के बारे में कुछ भी कहने से मना किया था। बाद में उन्होंने भुगतान की बात स्वीकार की थी।
क्यों फंस रहे हैं ट्रम्प
दरअसल 2016 में ट्रम्प के वकील ने पोर्न स्टार डेनियल्स को 1.3 लाख डॉलर की पेमेंट की थी। ट्रम्प के वकील ने बाद में अदालत के आगे स्वीकार किया कि ऐसा उन्होंने ट्रम्प के निर्देश पर किया था। हालांकि पोर्न स्टार को पेमेंट करना कोई अपराध नहीं है। लेकिन मामला यहां फंसा कि ट्रम्प के वकील ने दस्तावेजी हेरफेर की और पोर्न स्टार को की गई पेमेंट को वकील को दी गई फीस के रूप में बताया। दस्तावेजी हेरफेर करना गैर कानूनी है। ऐसा सबकुछ ट्रम्प के कहने पर किया गया इसलिए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब फंस रहे हैं।