पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी हमेशा अपने बयानों को लेकर विवादों में रहते हैं। इस बार उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर निशाना साधकर उनको कश्मीर विवाद के बारे में सीख दी है।

लंदन में एक कार्यक्रम में बोलते हुए अफरीदी ने कहा कि यदि पाकिस्तान अपने चार राज्यों को सही तरीके से नहीं संभाल सकता है तो उसे कश्मीर की मांग नहीं करनी चाहिए। अफरीदी ने कहा, पाकिस्तान को कश्मीर की जरूरत नहीं है। जब वह अपने मौजूदा चार राज्यों को अच्छे से नहीं संभाल सकता।

अफरीदी ने ये बात स्वीकार करते हुए कहा कि पाकिस्तान के देश को एकजुट और आतंकवादियों से सुरक्षित रखने के प्रयास असफल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कश्मीर में लोग मर रहे हैं और हम ऐसा होता देख रहे हैं। अफरीदी ने आगे कहा, ‘पाकिस्तान को कश्मीर की जरूरत नहीं है लेकिन उसे भारत को भी नहीं देना चाहिए। कश्मीर को एक स्वतंत्र देश बनने देना चाहिए। लोग वहां मर रहे हैं ऐसा नहीं होना चाहिए। मानवता को जिंदा रहना चाहिए। वहां लोगों को मरते देखना दु:खद है।’

अफरीदी ने ये बयान इस तथ्य को पूरी तरह नजर अंदाज करते हुए दिया है कि कश्मीर और भारत के अन्य हिस्सों में आतंकवाद को पाकिस्तान प्रायोजित कर रहा है। जिसकी समय समय पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय आलोचना करता रहा है। लश्कर-ए-तैय्यबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी गुटों का संचालन पाकिस्तानी सरजमीं से होता है। इन गुटों के मुखियाओं को वहां आजादी से घूमते और भाषण देते भी देखा जा सकता है।

गौरतलब है कि ये कोई पहली बार नहीं है जब अफरीदी ने कश्मीर का मुद्दा उठाया हो। पिछले साल भी उन्होंने ऐसा ही ट्वीट किया था। तब अफरीदी ने लिखा था, ‘कश्मीर पिछले कई दशकों से क्रूरता का शिकार हो रहा है, अब वक्त आ गया है कि इस मुद्दे को सुलझा लिया जाए जिसने कई लोगों की जान ली।’ दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा था, ‘कश्मीर धरती पर स्वर्ग है और हम मासूमों की पुकार को अनदेखा नहीं कर सकते।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here