
16 December 2022 Special Day: साल का आखिरी महीना दिसंबर जाते-जाते कई त्यौहारों की सौगात देकर जाता है। एक ओर जहां लोग क्रिसमस की तैयारियों में जुटे होते हैं वहीं नए साल के जश्न के लिए भी लोग काफी उत्साहित होते हैं। साल 2022 का आखिरी महीना दिसंबर चल रहा है और हिंदू पंचांग का 10वां महीना पौष भी शुरू हो गया है। पौष का महीना सूर्य देव को समर्पित हैं। दिसंबर महीने में पौष अमावस्या, प्रदोष व्रत, मासिक शिवरात्रि, सफला एकादशी जैसे बहुत व्रत अहम माने जाते हैं।
मगर इस साल दिसंबर में एक तारीख है जो बेहद अहम है। इस दिन कई महत्वपूर्ण दिन है जो हिंदुओं के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। आइए बताते हैं क्या है इस दिन खास…
16 December 2022 Special Day: 16 दिसंबर को क्या है खास?

कालाष्टमी 2022
16 दिसंबर 2022 को पौष माह की कालाष्टमी है। इस दिन भगवान काल भैरव की विधि विधान से पूजा की जाती है। माना जाता है कि काल भैरव की आराधना से भय, शत्रु बाधा, ग्रह बाधा और तमाम दुखों से मुक्ति मिलती है। ये भगवान शिव के पांचवे अवतार माने जाते हैं। शिव और शाक्त दोनों संप्रदायों में भगवान भैरव की पूजा महत्वपूर्ण मानी गई है। सुख-समृद्धि पाने के लिए इस दिन विधि विधान से पूजा करने साथ काल भैरव स्तोत्र का पाठ करना चाहिए।
धनु संक्रांति 2022
हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, हर महीने संक्रांति मनाई जाती है। शास्त्रों के अनुसार, जब सूर्य राशि परिवर्तन करते हैं तो उस दिन संक्रांति का पर्व होता है। सूर्य जिस राशि में प्रवेश करते हैं उस राशि के नाम पर संक्रांति कहलाती है। 16 दिंसबर 2022 को सूर्य धनु राशि में विराजमान होंगे। इस दिन सूर्य देवता की पूजा करने से मान-सम्मान, उत्तम स्वास्थ्य, तेज, बल, कीर्ति की प्राप्ति होती है। सूर्य के धनु राशि में जाने पर खरमास शुरू हो जाते हैं, इन्हें मलमास भी कहा जाता है। इसके बाद सूर्य का गोचर 14 जनवरी 2023 को मकर राशि में प्रवेश करेगा, जिसे मकर संक्रांति कहते हैं, जिसका काफी महत्व होता है।

रुक्मिणी अष्टमी 2022
16 दिसंबर 2022 को रुक्मिणी अष्टमी का व्रत रखा जाएगा। मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण की पटरानी रुक्मिणी देवी का इस दिन जन्म हुआ था। इन्हें लक्ष्मीस्वरूपा माना जाता है। देवी रुक्मिणी का व्रत करने से जीवन में धन, संपदा, वैभव और वैवाहिक सुख प्रदान होता है।
खरमास 2022
हिंदू धर्म की मान्यता के अनुसार, खरमास को शुभ नहीं माना जाता। ऐसा इसलिए है क्योंकि मांगलिक कार्य के लिए गुरु ग्रह का प्रबल होने जरूरी है और सूर्य जब बृहस्पति की राशि धनु और मीन में विराजमान होते हैं तो इनकी शक्ति कम हो जाती है। ऐसे में शुभ कार्य फलित नहीं होते हैं। यही कारण है कि खरमास में विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन आदि मांगलिक कर्मों के लिए शुभ मुहूर्त नहीं रहते हैं। खरमास की एक अवधि एक माह की होती हैं इन दिनों में मंत्र जाप, दान, नदी स्नान और तीर्थ दर्शन करना उत्तम फलदायी माना जाता है।
यह भी पढ़ें:
- Moon: मन का कारक चंद्रमा कमजोर होने का क्या होता है असर, जानिए यहां
- Margashirsha Purnima 2022: मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर भगवान विष्णु को इस तरह करें प्रसन्न, घर में आएगी खुशहाली