सभी जानते हैं कि भारत के राष्ट्रगान का अपना ही एक महत्व है। इस राष्ट्रगान के शब्दों का जितना महत्व है उतना ही इसके भाव का भी महत्व है। अभी हाल ही में इसका एक वीडियो बनाया गया है जिसको पूरी दुनिया में इतना पसंद किया जा रहा है कि दो सप्ताह से कम समय में ही इसे 7 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी भी देश के राष्ट्रगान का सबसे ज्यादा देखा गया वीडियो बन गया है। मुंबई के गीतकार शायन इटैलिया और फरहाद विजय अरोड़ा द्वारा पियानो पर संगीतबद्ध की गई रवींद्रनाथ टैगोर की इस रचना को अब तक 7.2 करोड़ बार देखा जा चुका है। यह वीडियो अभी भी तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो बनाने वालों ने भारत की आजादी को 71 साल पूरे होने पर 71 मिलियन व्यूज का टार्गेट रखा था। लेकिन यह टार्गेट 15 अगस्त से पहले ही पूरा हो चुका है। जन गण मन’ के इस वीडियो को 29 जुलाई के दिन यूट्यूब पर अपलोड किया गया था। पहले दिन इस वीडियो को पांच मिलियन से अधिक लोगों ने देखा था। बता दें कि भारत में बुधवार को 72वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। हर देशवासी अपने अंदाज में वतन के लिए जज्बात का इजहार कर रहा है। ऐसे में यह वीडियो सबके दिलों को छू रहा है।
वीडियो की खास बात यह है कि इसमें जन गण मन को पियानो पर बजाया गया है। इसने फ्रेंच राष्ट्रगान के वीडियो को भी पीछे छोड़ दिया है जिसके 3.6 करोड़ यूट्यूब व्यूज हैं।