छत्तीसगढ के दंतेवाड़ा जिले में गुरुवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार महिला नक्सलियों समेत आठ नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किये गये हैं। बस्तर पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने यूनीवार्ता को बताया कि आगामी 25 जुलाई को दंतेवाड़ा जिले में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर दक्षिण बस्तर क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी तारतम्य में कल विशेष कार्यबल और जिला रिजर्व पुलिस बल की एक संयुक्त टीम बैलाडिला की पहाड़ियों पर गश्त के लिए गई थी। दल में शामिल जवान आज जब दंतेवाड़ा और बीजापुर के सीमावर्ती तिमेनार जंगल के पास पहुंचे, तो नक्सलियों ने जवानों की आहट सुन कर अंधाधुंध गोलीबारी शुरु कर दी।
उन्होंने बताया कि दोनों ओर से लगभग डेढ़ घंटे तक गोलीबारी हुई, जिसमें चार महिला और चार पुरुषों समेत आठ नक्सली मारे गये। इनके पास से आठ आधुनिक हथियार बरामद किये गये, जिसमें दो इंसास, दो थ्री नाॅट थ्री, दो 315 रायफल, एक पेन गन तथा एक 12 बोर की बंदूक शामिल है।
उन्होने बताया कि नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो पायी है।
साभार-ईएनसी टाईम्स